धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में पॉलीथिन पर बैन, कलेक्टर-SP ने लगाया झाड़ू, ली गई स्वच्छता की शपथ
रविवार को आयोजन में नगर के व्यापारी और आम जनता शामिल हुए. प्लास्टिक मुक्त रहने, नदी तट की सुरक्षा और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 4, 2026 at 5:52 PM IST
जांजगीर चाम्पा: जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी शिवरीनारायण को पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है. अब प्रशासन ने जनभागीदारी पर भी जोर दिया है. इसी कड़ी में माता शबरी धाम को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए शबरी कार सेवा शुरू की गई. कलेक्टर और एसपी ने भी स्वच्छता सेनानियों के साथ मिलकर घाटों में झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया.
जुर्माना की चेतावनी: नगर पंचायत ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महानदी, शिवनाथ और जोक नदी के त्रिवेणी संगम पर 11 घाटों का सौंदर्यीकरण कराया और चौपाटी का विस्तार किया. लेकिन सफाई की कमी के कारण घाटों और नगर की स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ने लगी. इसे देखते हुए नगर पंचायत ने सबसे पहले सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास सफाई रखने और कचरे को निर्धारित वाहन में डालने की सलाह दी. साथ ही प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाई गई और नियम तोड़ने वालों को जुर्माना की चेतावनी दी गई.

शबरी कार सेवा के उद्देश्य
- नगर के नदी-तट, घाट, चौपाटी और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बढ़ाना
- प्लास्टिक उपयोग में कमी लाना
- कचरा प्रबंधन को मजबूत करना
- नागरिकों में स्वच्छता-संस्कार विकसित करना

दिलाई गई स्वच्छता की शपथ: रविवार को हुए कार्यक्रम में शामिल लोगों को स्वच्छता सेनानी के रूप में शपथ दिलाई गई. शपथ में यह संकल्प लिया गया कि, खुले में कचरा नहीं फैलाया जाएगा. घाटों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई का सम्मान किया जाएगा. घर-घर गीले और सूखे कचरे को अलग किया जाएगा. नगरवासियों, व्यापारियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की गई है.
कलेक्टर और एसपी के साथ मिलकर शबरी कार सेवा की शुरुआत की गई. हम चाहते हैं कि नगर स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त हो.- कन्हैया लाल निर्मलकर, सीएमओ नगर पंचायत शिवरीनारायण
जनभागीदारी और अनुशासन से ही स्वच्छता में स्थायी सफलता मिल सकती है. सभी से सहयोग की अपील है.- जन्मेजय महोबे, कलेक्टर जांजगीर

आगामी मेला और स्वच्छता अभियान: शिवरीनारायण में 1 फरवरी से 15 दिन का माघी पूर्णिमा मेला आयोजित होगा. माना जाता है कि इस दिन ओडिशा से भगवान जगन्नाथ अपने मूल स्थान से एक दिन के लिए आते हैं. लाखों श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाते हैं. इस अवसर पर नगर पंचायत ने “स्वच्छ शबरी धाम” थीम अपनाई है और स्वच्छ, सुंदर शिवरीनारायण नगर बनाने की शपथ ली है.


