धमतरी जिला अस्पताल बनेगा रीजनल हेल्थ सेंटर, हॉस्पिटल की 450 बिस्तरों तक बढ़ेगी क्षमता: अबिनाश मिश्रा
धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धमतरी जिला अस्पताल का दौरा किया है. रीजनल स्तर पर इसके विकास की बात उन्होंने कही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 3, 2026 at 6:51 PM IST
धमतरी: छत्तीसगढ़ के सबसे अहम जिलों में शुमार धमतरी अब मेडिकल सुविधाओं के विकास का गढ़ बनेगा. धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस बात का ऐलान किया है. बुधवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धमतरी जिला अस्पताल का दौरा किया और यहां का जायजा लिया. कलेक्टर ने इस दौरान मरीजों से बात की और अस्पताल में मिलने वाले सुविधाओं का भी जायजा लिया. कलेक्टर ने स्वास्थ्य कर्मियों को संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
कई तरह की सुविधाएं जिला अस्पताल में उपलब्ध
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हाल ही में शुरू हुई अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब का अवलोकन किया. उन्होंने बताया कि इस पूर्णतः स्वचालित लैब में जिले के नागरिकों को 133 प्रकार की जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी. फिलहाल 94 प्रकार की जांचें शुरू हो चुकी हैं, जिनमें सीरोलॉजी, हीमेटोलॉजी, इम्यूनोएसे, हार्मोन एनालाइजर, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर और क्लीनिकल पैथोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें शामिल हैं.
नियमित स्वास्थ्य परीक्षण गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. लोगों से अपील है कि वे अटल आरोग्य लैब की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं- अबिनाश मिश्रा, कलेक्टर, धमतरी

धमतरी जिला अस्पताल की बढ़ेगी बेड क्षमता
कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल में 250 बिस्तरों की क्षमता है, जिसे बढ़ाकर 450 बिस्तरों तक किया जाएगा. इसके लिए 200 अतिरिक्त बिस्तरों वाले जी-प्लस-5 नए अस्पताल भवन का निर्माण प्रस्तावित है. भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आगामी डेढ़ से दो वर्षों में भवन निर्माण पूर्ण होने की संभावना है.

ट्रॉमा सेंटर और आई हॉस्पिटल की सुविधा
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर का संचालन लगभग पूरा हो चुका है. दूसरे चरण में ऑपरेशन थिएटर सहित अन्य व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं. गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए 50 बिस्तरों की विशेष इकाई स्थापित की जाएगी. वहीं समयपूर्व जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक हाई केयर यूनिट (HCU) बनाई जाएगी. इसके अलावा नेत्र रोगियों के लिए 40 बिस्तरों वाला अलग आई हॉस्पिटल भी विकसित किया जाएगा.
जिला प्रशासन का लक्ष्य धमतरी के नागरिकों को अपने जिले में ही आधुनिक, सुलभ और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. लोगों को उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हो और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके- अबिनाश मिश्रा,कलेक्टर,धमतरी

विशेषज्ञ डॉक्टरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी
कलेक्टर ने बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी हैं. हाल ही में एमडी मेडिसिन, एमडी ऑर्थोपेडिक्स और दो पैथोलॉजिस्ट ने अपनी सेवाएं शुरू की हैं. जल्द ही स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की भी पदस्थापना की जाएगी.निरीक्षण के दौरान लिफ्ट, ओटी काउंटर, एमसीएस और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की समीक्षा भी की गई. कलेक्टर ने बताया कि शेष निर्माण और सुविधा विस्तार कार्यों को अगले 15 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. ब्लड बैंक का भी उन्नयन किया जाएगा.

