यूपी में अभी और सताएगी शीतलहर-ठंड; 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा न्यूनतम पारा, हरदोई सबसे ठंडा
मौसम विभाग का अनुमान-अगले 10 दिनों में और लुढ़केगा तापमान, घने कोहरे का अलर्ट.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 9:28 AM IST
|Updated : January 4, 2026 at 10:47 AM IST
लखनऊ: राजधानी लखनऊ समेत पूरा उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है. इसे देखते हुए कक्षा 12 तक के स्कूल बंद करने का निर्देश दिया गया है. सुबह व शाम के समय अत्यधिक घना कोहरा छाया हुआ है. कई जिलों में न्यूनतम दृश्यता 0 पर पहुंच गई है. इसके अलावा दिन के समय कोल्ड डे की स्थिति जारी है. कई जिलों में तो धूप न खिलने से स्थिति और खराब हो गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटों में न्यूनतम तापमान में तीन से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है. साथ ही आने वाले 10 दिनों में कड़ाके की ठंड में इजाफा होगा.

इन जिलों में कोल्ड डे: शनिवार को बाराबंकी, हरदोई, गोरखपुर, वाराणसी, बहराइच, प्रयागराज, बांदा, सुल्तानपुर, अमेठी, गाजीपुर, बस्ती, झांसी, बरेली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही. दिन में 10 से लेकर 15 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे लोग ठंड से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हुए. वहीं सड़क और चौराहों पर लोग अलाव के पास बैठे नजर आए. लखनऊ, श्रावस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, अयोध्या समेत कोल्ड डे वाले जिलों में सुबह के समय सभी प्रमुख इमारतें और गांव कोहरे की सफेद चादर से ढके दिखे. कोहरे के प्रभाव में चलते दिन में धूप नहीं खिली. सुबह और शाम के समय घना कोहरा हल्की-हल्की बूंदें बनकर बरस रहा है.
अगले 10 दिनों तक भयंकर ठंड: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले 10 दिनों तक उत्तर प्रदेश में भयंकर ठंडक का प्रकोप जारी रहेगा. कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा तो कुछ इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी. आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी, जिससे शीतलहर चलने की भी संभावना है. भयंकर ठंड से अभी राहत मिलने की संभावना नहीं है.

लखनऊ में छाएगा घना कोहरा: राजधानी में भी लगातार भीषण ठंडक जारी है. शनिवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा. दिन में तेज रफ्तार हवाओं के चलने से ठंडक में वृद्धि हुई. दिन के समय भी लखनऊ में सड़के और बाजार सूने दिखे. पिछले 15 दिन से लखनऊ भीषण ठंडक की चपेट में है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी प्रमुख चौराहों और गांव में अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं. शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को सुबह व शाम के समय घना कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा और हल्की धूप खिल सकती है. अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
लखनऊ में बांटे गए कंबल: भयंकर ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. लखनऊ की सभी तहसीलों में गरीबों को कंबल वितरित किया जा रहा है. सरोजिनी नगर तहसील में एसडीम की टीम ने गांव-गांव जाकर कंबल बांटे. साथ ही साथ गांव में अलाव की व्यवस्था को भी देखा और जिन चौराहों पर अलाव की लकड़ी नहीं पहुंच रही है, वहां पर भी लकड़ी पहुंचने के निर्देश जारी किए.
हरदोई सबसे ठंडा : शनिवार को उत्तर प्रदेश का हरदोई सबसे ठंडा जिला रहा. जहां पर न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान कानपुर देहात जिले में 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले 72 घंटे में न्यूनतम तापमान में तीन से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी हो सकती है. वहीं अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है. वहीं 7 दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: वाराणसी में बनेगा ऑल वेदर शेड, वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों को मिलेगा वीआईपी ट्रीटमेंट

