ETV Bharat / state

यूपी में शीतलहर; 12वीं तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद करने का आदेश, सीएम योगी ने कहा- कोई भी खुले में न सोए

सीएम योगी ने कहा, यूपी में शीतलहर के चलते सभी 12वीं तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया गया है.

यूपी में सताएगी शीतलहर.
यूपी में सताएगी शीतलहर. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 2, 2026 at 9:29 AM IST

|

Updated : January 2, 2026 at 8:01 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ/खुर्शीद अहमद: उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण शीतलहर की चपेट में है. बर्फीली हवाओं, घने कोहरे और गिरते तापमान ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने आने वाले तीन दिनों में तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई है.

तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका: अगले सप्ताह ठंड और बढ़ने की चेतावनी के साथ विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है.मौसम विभाग के अनुसार, लगातार चल रही ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है. आज दिनभर धुंध और कोहरे का असर बना रहा और कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर महज 100 मीटर रह गई.

जानकारी देते स्थानीय लोग. (Video Credit: ETV Bharat)

शाम करीब 4 बजे से ही घना कोहरा छा गया, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और नए साल के मौके पर भी शहर की रौनक फीकी नजर आई.

5 जनवरी तक स्कूल बंद: भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में 1 से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं. यह आदेश ICSE, CBSE, UP बोर्ड मदरसा बोर्ड सहित सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि शीतलहर के दौरान कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Photo Credit: ETV Bharat
सड़कों पर आवाजाही कम हुई. (Photo Credit: ETV Bharat)

अलाव, रैन बसेरा और कंबल वितरण के निर्देश: मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अलाव, रैन बसेरा और कंबल वितरण की व्यवस्था लगातार जारी रखी जाए, ताकि कोई भी बेघर और बेसहारा व्यक्ति ठंड की वजह से बीमार न पड़े या जान न गंवाए. अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो.

नगर निगम के दावों पर सवाल: एक ओर लखनऊ नगर निगम ने शहर भर में रैन बसेरों और अलाव की व्यापक व्यवस्था का दावा किया है. हजरतगंज के शाहनजफ रोड सहित कई इलाकों का दौरा कर जमीनी हकीकत जानी. स्थानीय लोगों और जरूरतमंदों से बातचीत में सामने आया कि कई स्थानों पर न तो अलाव की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही रैन बसेरों की संख्या में कोई बढ़ोतरी की गई है. लोगों का कहना है कि पारंपरिक तौर पर जहां रैन बसेरे बनाए जाते थे, उन्हीं जगहों पर सीमित इंतजाम किए गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में बेघर लोग ठंड में परेशान हैं.

Photo Credit: ETV Bharat
ठंड दूर करने का उपाय करते लोग (Photo Credit: ETV Bharat)

मौसम विभाग की एडवाइजरी: मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है. लोगों को सलाह दी गई है कि अत्यधिक ठंड के दौरान घरों में ही रहें, अलाव या हीटर का सहारा लें, मोटे और गर्म कपड़े पहनें तथा खानपान में विशेष सावधानी बरतें. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खासतौर पर सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है. आने वाले तीन दिनों तक ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी रहने की संभावना है. ऐसे में प्रशासन और आम जनता दोनों के लिए सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता बेहद जरूरी हो गई है.

बढ़ती ठंड को लेकर सीएम योगी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये हैं. भीषण शीतलहर को लेकर सभी 12वीं तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया गया है. यूपी में ICSE,CBSE, UP बोर्ड के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने के लिए कहा गया है. सीएम योगी ने कहा कि शीतलहर को लेकर सभी अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण करते रहें. सभी जनपदों में अधिकारी कंबल और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए, रैन बसेरों में सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं.

Photo Credit: ETV Bharat
न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. (Photo Credit: ETV Bharat)

उत्तर प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की सर्दी के बीच बारिश की एंट्री ने ठंड-गलन को और बढ़ा दिया है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रहीं हैं, जो कि अपने साथ ठंडक लेकर आ रही हैं. बारिश और हवाओं के चलने से ठंडक में अधिक वृद्धि हुई है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को आगरा व अलीगढ़ में हल्की बारिश हुई. बाराबंकी शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा. बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस, जबकि शिमला 4.0 डिग्री से. पारा दर्ज किया गया. इसके अलावा गोरखपुर में भी न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया.

1 जनवरी को जहां उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहा और धूप खिलने से कोल्ड डे कंडीशन से राहत मिली, वहीं 2 जनवरी को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में घना व घना से अधिक घना कोहरा छाया हुआ है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में परिवर्तन जारी है.

Photo Credit: ETV Bharat
लखनऊ में गिरा तापमान. (Photo Credit: ETV Bharat)

आगामी दिनों में शीतलहर चलने की संभावना बनी हुई है. इस बार शीतलहर के दिनों की संख्या में वृद्धि होगी. इसके साथ ही 35 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है.

राजधानी में गुरुवार सुबह के समय 6 से लेकर 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी पश्चिमी ठंडी हवाएं चलती रहीं. जिससे सुबह के समय कोहरा नहीं दिखा. वहीं, सुबह करीब 7 बजे से हल्की धूप खिलने लगी, जो कि दिन के समय तेज हो गई, इससे लोगों को पिछले कई दिनों पड़ रही भीषण ठंड से राहत मिली.

गुरुवार को दिन भर धूप खिली रही और शाम को फिर से उत्तरी पश्चिमी ठंडी हवाएं चलीं. अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है. वहीं न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है.

ठंड वाले जिले.
ठंड वाले जिले. (Photo Credit; ETV Bharat)

राजधानी में घना कोहरा: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को सुबह-शाम के समय घना कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बाराबंकी सबसे ठंडा : गुरुवार को उत्तर प्रदेश का बाराबंकी सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पर न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है. वही सबसे अधिक अधिकतम तापमान सोनभद्र जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है.

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट.
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट. (Photo Credit; ETV Bharat)

सताएगी शीतलहर: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि जनवरी माह के दौरान प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने से शीतलहर के दिनों की संख्या में प्रभावी वृद्धि होने की संभावना है. दिसम्बर-2025 के दौरान प्रशांत महासागर में ला-नीना परिस्थितियों के साथ प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता बहुत कम रहने से शुष्क मौसम, वायुमंडलीय स्थिरता बढ़ने से घने कोहरे के दिनों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई. इसके देर तक या पूरा दिन बने रहने से दिसम्बर के दूसरे पखवाड़े में शीत दिनों (कोल्ड डे) की संख्या 12 हो गई. जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश का औसत मासिक अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4°C कम 18-22°C रहा. जबकि इसी दौरान पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता न रहने से औसत मासिक न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास 08-12°C रहा.

यह भी पढ़ें: नये साल के पहले ही दिन दौड़ी योगी की तबादला एक्सप्रेस; 21 IAS अफसरों के ट्रांसफर, जानिए किसको कहां मिली तैनाती

Last Updated : January 2, 2026 at 8:01 PM IST