यूपी में सर्दी का सितम जारी, आगरा में 12 जनवरी को खुलेंगे 12वीं तक के स्कूल
शीतलहर, घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूलों के अवकाश में वृद्धि

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 9:07 PM IST
आगरा/लखनऊ/बागपत/झाँसी: नए साल में घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड जारी है. आगरा में गुरुवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा. भले ही दोपहर में धूप खिली. मगर सर्दी और ठिठुरन कम नहीं हुई. जिसको देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली छात्रों को बड़ी राहत दी. आगरा जिला प्रशासन ने यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड समेत अन्य बोर्डों के 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यालय को 12 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिया हैं. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में अगले 24 घंटे तक कोहरा छाया रहेगा.
आगरा में गुरुवार को धूप निकलने के बाद भी अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. आगरा में पारा सामान्य से करीब 6 डिग्री नीचे रहा. कोहरे की वजह से रेल यातायात भी प्रभावित रहा. करीब एक दर्जन ट्रेनें विलंब से चलीं.
वहीं लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी० ने शीतलहर, घना कोहरा होने एवं मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए कक्षा प्री-प्राइमरी से कक्षा-08 तक संचालित समस्त परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, सहायता प्राप्त विद्यालय, समस्त बोर्डो से मान्यता प्राप्त विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों तथा राजकीय अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में दिनांक 10.01.2026 तक अवकाश रहेगा. एवं कक्षा-9 से कक्षा-12 तक की कक्षाएं प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक संचालित की जाएंगी.
बागपत जिलाधिकारी अस्मिता लाल में अत्यधिक ठंड, कोहरा होने एवं मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद, मदरसा बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत बोर्ड तथा समाज कल्याण से मान्यता प्राप्त सी०बी०एस०ई०, आई०सी०एस०ई० से सम्बद्धता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव के दृष्टिगत दिनांक 09-01-2026 से दिनांक 10.01.2026 तक का अवकाश घोषित किया है. यदि किसी विद्यालय में परीक्षाएं संचालित की जा रही है तो उन विद्यालयों में परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित रहेगी.
झाँसी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (विपुल शिव सागर) ने भी मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए जनपद के समस्त राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई आईसीएसई एवं समस्त बोर्ड के विद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के हित को दृष्टिगत रखते हुये कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय में दिनांक 09.01.2026 से 10.01.2026 तक विशेष अवकाश रहेगा.
ये भी पढ़े: यूपी में अगले एक हफ्ते तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड; शीतलहर से धूप बेअसर, बाराबंकी सबसे सर्द
ये भी पढ़े: शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, कोहरे की वजह से रेल-हवाई सेवाएं प्रभावित

