ETV Bharat / state

झारखंड में सर्दी का सितम, इन जिलों का न्यूनतम पारा पहुंचा 10 डिग्री से भी नीचे

झारखंड में रात और सुबह के तापमान में गिरावट जारी है. इससे लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है.

WEATHER IN JHARKHAND
प्रतीकात्मक तस्वीर (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 7, 2025 at 11:58 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. तापमान सामान्य से नीचे खिसक रहा है, लेकिन आसमान फिलहाल साफ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई है. राज्यभर में दिन का मौसम शुष्क रहा, जबकि रात और सुबह के तापमान में गिरावट जारी है, जिससे लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है. राज्य के 10 जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है. 7 दिसंबर को सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक गुमला में न्यूनतम पारा 3.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.

प्रमुख शहरों का तापमान

रांची में अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है. जबकि न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री तक गिर गया और यह सामान्य से 2.9 डिग्री नीचे रिकॉर्ड हुआ. जमशेदपुर में दिन का पारा 26.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है.

वहीं, रात का तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से एक डिग्री कम है. बोकारो थर्मल में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री और न्यूनतम 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. दोनों ही सामान्य से नीचे रहे, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों में भी सिहरन भरी सुबह रही.

Weather In Jharkhand
मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट (Etv Bharat)

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम केंद्र, रांची के वरीय मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल ने बताया कि राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा. वहीं, अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 02 से 03 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी. जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी. इसके बाद न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की बहुत कम संभावना है.

कोहरे के साथ सुबह की होगी शुरुआत

मौसम केंद्र, रांची से मिली जानकारी के अनुसार 08 दिसंबर की शुरुआत कोहरा या धुंध से होगी, लेकिन बाद में आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं. वहीं, 09 दिसंबर से 13 दिसंबर तक दिन की शुरुआत भी कोहरे या धुंध से होगी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ हो जाएगा. इस बीच राजधानी रांची का तापमान 08 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

सबसे गर्म-सबसे ठंडा स्थान

रिपोर्ट के अनुसार आज झारखंड में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो राज्य का सबसे गर्म पॉकेट बना. इसके विपरीत, सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला स्वचालित मौसम केंद्र पर मात्र 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे यहां कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ और लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा. राज्य में कहीं भी धुंध या कोहरे से विजिबिलिटी पर अधिक असर दर्ज नहीं हुआ, केवल जमशेदपुर में न्यूनतम दृष्टि 1500 मीटर तक सीमित रही, जो विमानन और सड़क यातायात के लिए सामान्य रूप से सुरक्षित मानी जा रही है.

कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे रहा

बोकारो, देवघर, गुमला, लोहरदगा, लातेहार और अन्य स्वचालित मौसम केंद्रों पर भी तापमान सामान्य से नीचे झुका हुआ है, जिससे ग्रामीण इलाकों में रात के समय शीतलहर जैसी परिस्थितियां महसूस की जा रही हैं. गुमला का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री, लोहरदगा में 6.8 डिग्री और लातेहार में 7.6 डिग्री सेल्सियस तक चला गया, जो पहाड़ी और वन क्षेत्रों में तेज ठंड की तस्वीर पेश करता है. उत्तर भारत में सक्रिय ठंडी हवाओं के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान और नीचे जा सकता है. ऐसे में विभाग ने सुबह–शाम खुले में निकलने पर विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और रोगियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें:

झारखंड में शीतलहर पड़ा नरम, न्यूनतम पारा चढ़ने से ठंड से मिली राहत, इस तारीख से बदलेगा मौसम का मिजाज

झारखंड का मौसम हुआ खुशनुमा, न्यूनतम तापमान में इजाफे ने ठंड से दिलाई राहत!

झारखंड में कड़ाके की ठंड देने वाली है दस्तक! लापरवाही खड़ी कर सकती है मुसीबत, कैसा रहेगा दिसंबर माह का तापमान