बिहार में ठंड के कारण इन जिलों में स्कूल बंद, शिक्षकों को आना जरूरी
बिहार में ठंड के कारण कई जिलों में स्कूल बंद कर दिया गया, लेकिन शिक्षकों को समय से स्कूल में उपस्थित होने का निर्देश है.

Published : December 20, 2025 at 1:21 PM IST
दरभंगा: बिहार में ठंड के कारण कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. कई जिलों में स्कूल के समय में बदलाव किया गया है. दरभंगा जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के सभी प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी सहित वर्ग आठ तक के स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया है. जिले में 22 दिसंबर तक इन्हें बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है. इस दौरान पठन-पाठन का काम नहीं होगा.
बिहार में ठंड का असर: विगत दो दिन से लगातार जिले में ठंड में बढ़ोतरी के साथ कोहरा बढ़ रहा है. इस कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. शहर से लेकर गांवों तक देखें तो सुबह और शाम के वक्त में कोहरा और ठंड से लोग घरों के अंदर ही नजर आ रहे हैं. बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है.
वर्ग 1 से 8 तक दरभंगा जिला के सभी विद्यालय में शिक्षण कार्य 22 दिसंबर तक स्थगित pic.twitter.com/KlRLoOuCbi
— DM Darbhanga (@darbhanga_dm) December 19, 2025
सीनियर छात्रों के लिए समय बदला: इसको देखते हुए दरभंगा जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पत्र जारी कर निजी और सरकारी विद्यालयों में 8वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूलों को 22 दिसंबर तक बंद किया गया है. 8वीं से ऊपर की कक्षाओं को सुबह 9:00 बजे से लेकर दिन के 3:30 बजे के बीच सावधानी के साथ चलाने के लिए कहा गया है.
शिक्षकों को आना होगा स्कूल: परीक्षा के लिए संचालित की जाने वाली विशेष कक्षाओं का संचालन एवं बोर्ड परीक्षा इससे मुक्त रहेगी. टीचर और बाकी लोग विद्यालय के समय से उपस्थित रहेंगे. यह आदेश 22 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगा.
जिले में अत्यधिक ठंड का मौसम एवं कम तापमान की स्थिति के कारण बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना के दृष्टिगत जिला दंडाधिकारी, पटना द्वारा प्री-स्कूल, आँगनबाड़ी केन्द्रों सहित जिला के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों में सभी कक्षा की शैक्षणिक गतिविधियों… pic.twitter.com/YIyIUNMyF5
— District Administration Patna (@dm_patna) December 19, 2025
सभी जिलों में स्थानीय प्रशासन का निर्देश: शुक्रवार को पटना में कई स्कूलों को बंद करने और सीनियर छात्रों के लिए समय में बदलाव किया गया है. इसके अलावा सारण, सहित कई जिलों में स्थानीय प्रशासन ने इसको लेकर निर्देश जारी किया है.
एक सप्ताह तक खराब रहेगा मौसम: मौसम विभाग ने राज्य में एक सप्ताह तक तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना जतायी है. सुबह और शाम में कोहरा के साथ पछुआ हवा और कनकनी रहेगी. दिन में भी मौसम ठंड रहने की संभावना है. पूर्वानुमान के अनुसार एक सप्ताह तक शीतलहर जैसा मौसम बना रहेगा.
ये भी पढ़ें: बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड, इन जिलों में रेड अलर्ट जारी, घने कोहरे से सावधान!

