कोबरा ने की स्कूटी की सवारी, तीन किलोमीटर तक बना युवक का जहरीला हमसफर!
छिंदवाड़ा के मोआदेही गांव का मामला, स्कूटी खोलकर एक चार फ़ीट जहरीले कोबरा सांप को निकाला गया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 8:34 PM IST
छिन्दवाड़ा: जान हथेली पर लेकर चलने की कहावत तो आपने सुनी होगी लेकिन छिंदवाड़ा के एक सर्प मित्र ने इस कहावत को हकीकत में बदल दिया है. जब आपको यह पता हो कि मौत मेरे साथ-साथ चल रही है और कभी भी अपने आगोश में ले सकती है. इसके बावजूद 3 किलोमीटर का सफर तय करना कम जोखिम भरा नहीं था. मामला छिंदवाड़ा जिले की मोआदेही गांव का है.
स्कूटर में घुसा था कोबरा उसी में बैठकर तीन किलोमीटर चला सर्प मित्र
परासिया रोड के मोआदई गाँव में मुरली सूर्यवंशी के खेत में खड़े उनके स्कूटर में एक कोबरा सांप दिखाई दिया. उन्होंने छिंदवाड़ा सर्प विशेषज्ञ हेमंत गोदरे को इसकी जानकारी दी, लेकिन स्कूटी खोलने के उपकरण व मिस्त्री न होने की वजह से जिस स्कूटर में कोबरा था उसे हेमंत गोदरे द्वारा गांव से तीन किमी दूर रिंग रोड सर्कल लाया गया. जहां स्कूटी खोलकर एक चार फ़ीट जहरीले कोबरा सर्प को निकाला गया.
हलचल के दौरान दुबककर बैठ जाता है कोबरा, लेकिन डर लगता है
कोबरे का रेस्क्यू करने वाले सर्पमित्र हेमंत गोदरे ने बताया कि वे करीब 15 सालों से सर्प पकड़ने का काम कर रहे हैं. उनके अनुभव के अनुसार जब हलचल होती है तो कोबरा दुबककर बैठ जाता है. इसी जानकारी के आधार पर मैं स्कूटर को 3 किलोमीटर तक चला कर लाया, लेकिन डर था कि सांप कहीं बाहर ना आ जाए.

लेकिन लोगों की सुरक्षा अब जिम्मेदारी लगती है. उन्होंने बताया कि करीब 15 साल के इस काम के दौरान उन्होंने 20 से 25 हजार सांपों का रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा है. इस दौरान फिर चाहे पानी में हो, पेड़ के ऊपर हो या फिर कठिन से कठिन जगहों पर उन्होंने सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा है.
बिना फन फैलाए नहीं काट सकता कोबरा, काटने पर जा सकती है जान
सर्प विशेषज्ञ डॉ अंकित मेश्राम ने कहा "कोबरा को हम स्थानीय बोली में नाग बोलते हैं. ये काफी ज़हरीले होते हैं. अगर किसी को काट ले तो मौत भी हो सकती है. लेकिन खास बात ये है कि सांप चलते हुए कभी किसी को काट नहीं सकते, जब तक वे खड़ा होकर फन ना फैला सकें. साथ ही सांप की उम्र करीब 20 साल होती है और हलचल सुनते ही डर कर छुप जाते हैं. लेकिन सुनसान इलाकों में अटैक जरूर करते हैं. गतिशील अवस्था में कोबरा काट नहीं सकता क्योंकि काटने के लिए उसे फन फैलाने की जरूरत होती है."

