दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बवाल: नशे में धुत CNG पंप कर्मियों ने महिलाओं से की बदसलूकी, गुस्साई भीड़ ने सिखाया सबक
पनियाला मोड़ के एक सीएनजी पंप पर कर्मचारियों द्वारा महिलाओं और बुजुर्गों के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है.

Published : February 26, 2026 at 8:21 AM IST
बहरोड़ : दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बुधवार की देर रात उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब पनियाला मोड़ स्थित एक सीएनजी पंप के कर्मचारियों पर शराब के नशे में महिलाओं और बुजुर्गों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा. यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद गुस्साई महिलाओं और अन्य वाहन चालकों ने पंप कर्मचारियों की जमकर धुनाई कर दी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस की कार्रवाई : हंगामे की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी रणवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. थाना अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया की मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर दोषियों की पहचान कर रही है.
इसे भी पढ़ें: 20 हजार गड्ढे खोदे पर नहीं मिला पैसा, बूंदी में वन विभाग के बाहर एमपी के मजदूरों का प्रदर्शन
श्याम बाबा के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु : जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब खाटू श्याम बाबा के दर्शन कर लौट रहे कुछ श्रद्धालु अपनी गाड़ियों में ईंधन भरवाने के लिए पंप पर रुके थे. चश्मदीदों का कहना है कि पंप पर गाड़ियों की लंबी कतार थी. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों ने कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चालकों के साथ बदतमीजी शुरू कर दी. जब गाड़ियों में सवार महिलाओं और बुजुर्गों ने इस अभद्र व्यवहार का विरोध किया, तो कर्मचारियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की.
महिलाओं का फूटा गुस्सा : कर्मचारियों की इस हरकत से वहां मौजूद लोगों का धैर्य जवाब दे गया. पीड़ित महिलाओं और अन्य यात्रियों ने एकजुट होकर पंप कर्मियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी काफी देर तक पंप परिसर रणक्षेत्र बना रहा, जिससे हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ.

