खुशखबरी: कोटा-बारां में सीएनजी-पीएनजी के दामों में 1 से लेकर 2.75 रुपए तक की कटौती
कंपनियों का कहना है कि पाइप्ड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड ने 1 जनवरी से एकीकृत टैरिफ लागू किया है, जिससे गैस परिवहन सस्ता हुआ है.


Published : January 2, 2026 at 7:58 PM IST
कोटा: नए साल के अवसर पर कोटा और बारां निवासियों को खुशखबरी मिली है. फ्यूल कंपनी टोरेंट गैस और राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (RSGL) ने वाहनों में उपयोग आने वाली कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) और घरेलू उपयोग की पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के दामों में कटौती की है. यह कटौती सीएनजी में टोरेंट गैस ने 2.75 और पीएनजी में 2 रुपए की गई है. इसी तरह से आरएसजीएल ने सीएनजी और पीएनजी दोनों पर एक 1 रुपए की कटौती की है. हालांकि इंडस्ट्रियल और कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाए गए हैं. आरएसजीएल के डीजीएम सीपी चौधरी का कहना है कि पाइप्ड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड की तरफ से 1 जनवरी से प्रभावी एकीकृत टैरिफ लागू किया है. इसके चलते गैस परिवहन की लागत कम हो गई है. जिसके बाद कंपनी ने दाम कम करने का निर्णय लिया और नई दरें लागू भी कर दीं.
इंडस्ट्रियल और कमर्शियल के बढ़ाए दाम: सीपी चौधरी के अनुसार आरएसजीएल ने पीएनजी कनेक्शन घरेलू में 51 से 50 रुपए प्रति लीटर कर दिए हैं. जबकि कमर्शियल कनेक्शन के दाम 65 रुपए प्रति लीटर से 66.35 रुपए प्रति लीटर किए हैं. इसी तरह से इंडस्ट्रियल कनेक्शन के दाम 60 रुपए प्रति लीटर से 62.85 प्रति लीटर कर दिए हैं. जबकि उनके सीएनजी के दाम 93.5 से 92.5 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं. घरेलू गैस और सीएनजी पर एक-एक रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई है. इसी तरह से कमर्शियल गैस में 1.35 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. जबकि इंडस्ट्रियल गैस में 2.85 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.
पढ़ें: राजस्थान में सीएनजी व पीएनजी की दर में कटौती, झालावाड़ में नहीं घटाए दाम
यह रहेंगे टॉरेंट गैस के दाम: टोरेंट गैस अपनी सेवाएं कोटा, बारां और चित्तौड़गढ़ जिले की रावतभाटा तहसील में दे रही है. कोटा, बारां और रावतभाटा में टॉरेंट गैस के 18 फ्यूल स्टेशन हैं. इसके अलावा इन तीनों जगहों पर 5000 घरेलू उपभोक्ताओं के कनेक्शन हैं. इसके अलावा जयपुर, अलवर और धौलपुर में भी हजारों उपभोक्ताओं को फायदा हो रहा है. ऐसे में वहां सीएनजी के दाम 93.5 रुपए प्रति लीटर थे, अब यह 90.75 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं. इसी तरह से पीएनजी के दाम घरेलू गैस में 50 रुपए प्रति लीटर टैक्स मिलाकर थे. अब यह प्रति लीटर 48 रुपए हो गए हैं. कम्पनी ने जयपुर, अलवर और धौलपुर में भी सीएनजी पर 2.75 रुपए और पीएनजी में 2 रुपए कम किए गए हैं.

