ETV Bharat / state

CM योगी के सिंगापुर दौरे का दूसरा दिन; यूपी को मिले 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, 60 हजार करोड़ के हुए एमओयू

मुख्यमंत्री ने कहा, 2029-30 तक 1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी के लक्ष्य की ओर यूपी निर्णायक कदम बढ़ा रहा है.

CM योगी के सिंगापुर दौरे का दूसरा दिन.
CM योगी के सिंगापुर दौरे का दूसरा दिन. (Photo Credit; ANI)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 24, 2026 at 7:50 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिंगापुर/लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं. मंगलवार को दौरे का दूसरा दिन था. सीएम योगी ने बताया, सिंगापुर में टीम यूपी को लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 60 हजार करोड़ रुपये के एमओयू ‘इन्वेस्ट यूपी’ द्वारा संपन्न किए जा चुके हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि यह निवेश प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया आज पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी है. निवेशकों को उत्तर प्रदेश में हो रही प्रत्येक गतिविधि की जानकारी है. यही कारण है कि कम समय में ही यूपी को इतना बड़ा निवेश प्राप्त हुआ है. मुख्यमंत्री ने बताया, सिंगापुर पहुंचने के बाद सुबह 8:30 बजे से देर रात तक लगातार बैठकें चलीं और दूसरे दिन भी प्रातःकाल से ही कार्यक्रम जारी रहे.

नौ वर्षों में यूपी ने तेजी से किया विकास : उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भारत ने समग्र विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है. उसी विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश ने बीते साढ़े आठ-नौ वर्षों में इन्फ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, सर्विस सेक्टर और जन-कल्याण के क्षेत्रों में तेज गति से विकास किया है. भारत और उत्तर प्रदेश की छवि विश्व स्तर पर अत्यंत सकारात्मक रूप में देखी जा रही है.

100 से अधिक शीर्ष प्रतिनिधियों से मुलाकात : मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो दिनों में उन्होंने 100 से अधिक प्रतिनिधियों से भेंट की है. सिंगापुर के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपप्रधानमंत्री, गृह मंत्री और ऊर्जा मंत्री के साथ भी उनकी सकारात्मक व सार्थक वार्ता हुई. इसके अतिरिक्त प्रमुख फिनटेक कंपनियों के अध्यक्ष व सीईओ के साथ भी बैठकें की गईं.

कई कंपनियां पहले से भारत और उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं. सीएम योगी ने बताया, देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे के रूप में विकसित हो रहे गंगा एक्सप्रेस-वे में भी कुछ कंपनियों ने पहले से निवेश किया है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रति निवेशकों की धारणा में 360 डिग्री का सकारात्मक परिवर्तन आया है.

यह भी पढ़ें : यूपी में औद्योगिक गलियारा परियोजना को मिलेगी नई गति, 25000 हेक्टेयर भूमि पर लगाए जाएंगे उद्योग