मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में बनेगा होल्डिंग एरिया, सीएम योगी बोले- तीर्थ स्थलों पर क्राउड मैनेजमेंट के लिए बनाएं बेहतर प्लान
सीएम योगी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. सीएम योगी ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 9:57 PM IST
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में राजस्व न्यायालयों में वर्षों से लंबित मामलों को लेकर सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आम नागरिक की जमीन और संपत्ति से जुड़े मामलों में तारीख पर तारीख की प्रवृत्ति हर हाल में बदलनी होगी. आगामी त्योहारों को लेकर मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए. कहा कि क्राउड मैनेजमेंट के लिए बेहतर प्लानिंग की जाए. इसके साथ ही बांके बिहारी मंदिर मथुरा में अलग से होल्डिंग एरिया बनाया जाए जहां भीड़ को पहले रोका जाए.
नायब तहसीलदार से लेकर राजस्व परिषद तक के न्यायालयों में 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी राजस्व मामलों को चिन्हित कर प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए. धारा 33 के अविवादित वरासत के मामलों को मिशन मोड में निपटाने को कहा गया. बैठक में सबसे अधिक पुराने लंबित मामलों वाले शीर्ष 5 जिलों और प्रदेश के 10 सबसे पुराने प्रकरणों की सूची मुख्यमंत्री के सामने रखी गई. जिलाधिकारियों को कोर्टवार समीक्षा खुद करने के निर्देश दिए गए.
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन और आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के गलत निस्तारण पर भी नाराजगी जताई. समीक्षा में सामने आया कि कई मामलों में मूल शिकायत के बजाय दूसरी जानकारी के आधार पर या बिना जरूरी रिपोर्ट लिए ही निस्तारण दिखा दिया गया. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई नहीं होना चाहिए. जिन मामलों में असंतुष्ट फीडबैक मिला है या गलत आख्या पर केस बंद किया गया है, उन पर संबंधित जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान से 5 दिन के भीतर स्पष्टीकरण लिया जाए. ऐसे सभी मामलों का दोबारा परीक्षण कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाला समाधान दिया जाए.
कानून-व्यवस्था की समीक्षा में एडीजी कानून-व्यवस्था ने बताया कि 13 जुलाई से 23 अगस्त के बीच अपराध में कमी आई है. 13 से 19 जुलाई की तुलना में 17 से 23 अगस्त के बीच कुल एफआईआर में 0.4 प्रतिशत, गंभीर अपराधों में 5.1 प्रतिशत, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 3.9 प्रतिशत और एससी-एसटी के विरुद्ध अपराधों में 11.2 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है.
मुख्यमंत्री ने जोन और रेंज स्तर पर हर सप्ताह क्राइम एनालिसिस करने, महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई तथा महिला बीट पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए. छेड़खानी और चेन स्नेचिंग पर कठोर कार्रवाई को कहा. आगामी त्योहारों को लेकर मुख्यमंत्री ने जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन के लिए व्यापक क्राउड कंट्रोल प्लान बनाने के निर्देश दिए.
बांके बिहारी मंदिर के लिए अलग कार्ययोजना और होल्डिंग एरिया बनाने को कहा. वृंदावन में नया पुलिस सर्किल बनाने और मथुरा व वृंदावन में अलग-अलग ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तैनात करने के निर्देश दिए. गणेश चतुर्थी पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तारों और उफनती नदियों को देखते हुए प्रतिमाओं की ऊंचाई सीमा में रखने और विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा.
मुख्यमंत्री ने माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रखने, गो-तस्करी, धर्मांतरण, लव जिहाद और धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं पर 24 घंटे अलर्ट रहने तथा स्लाटर हाउस की औचक जांच करने के निर्देश दिए. चित्रकूट, फर्रुखाबाद, अयोध्या, आजमगढ़ और बाराबंकी में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए राहत शिविरों में गर्म भोजन, अस्पतालों में एंटी-वेनम और एंटी-रेबीज की उपलब्धता तथा बाढ़ के बाद बीमारियों की रोकथाम के लिए हेल्थ कैंप लगाने को कहा.
यह भी पढ़ें : बदायूं में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, परिजन बोले- पुलिस ने पीटा, SSP का दावा- कार्डियक अरेस्ट से गई जान

