गोरखपुर में सीएम योगी ने फूलों-गुलाल से खेली होली; बोले- आज दुनिया में अशांति, लेकिन भारत में माहौल शांत
घंटाघर से निकलने वाली भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभायात्रा में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री योगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 2:52 PM IST
गोरखपुर: गोरखपुर में सीएम योगी ने बुधवार को होली के पावन महापर्व पर घंटाघर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और श्री होलिकोत्सव समिति की ओर से निकलने वाली "भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभायात्रा" के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित किया. सभी नागरिकों को होली की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत का संरक्षण कैसे होना चाहिए? यह आज भारत एहसास कर रहा है.
महापर्व होली के पावन अवसर पर महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन धरा गोरखपुर में आयोजित भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा में... https://t.co/0jS8aed80n
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 4, 2026
काशी में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में रामजन्म भूमि पर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, महाकाल में महाकाल लोकधाम, केदारपुरी में भगवान केदारनाथ का भव्य धाम, बद्रीनाथ में भव्य स्वरूप लेता भगवान बद्री विशाल का धाम, सोमनाथ धाम, जगन्नाथ धाम, रामेश्वरपुरी के भव्य स्वरूप का आनंद भारत को अपने विरासत पर गौरव की अनुभूति कराता है. यह इसलिए संभव हो सका है कि भारत के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यशस्वी नेतृत्व है. इस नेतृत्व में विरासत का संरक्षण हो रहा है, साथ ही एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना भी साकार हो रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति के जीवन में मर्यादा, जीवंतता, भक्ति और समरसता ही सनातन धर्म की ताकत है. इस मामले में उत्तर प्रदेश के लोगों को गर्व की अनुभूति करनी चाहिए, कि मर्यादा, शाश्वत चेतना की जीवंतता, भक्ति का उल्लास और समरसता का भान कराने वाले सभी प्रमुख विरासत स्थल इस प्रदेश में हैं.


उन्होंने कहा कि कुछ क्षुद्र बुद्धि के लोगों ने समाज को कमजोर करने के लिए इस प्रकार के स्वांग रचे थे. हमें भारत को मजबूत बनाने के लिए कार्य करना हैं, विकसित भारत की संकल्पना के साथ खुद को जोड़ना है. एक भारत श्रेष्ठ भारत के भाव को अपने जीवन का हिस्सा बनाना है.

सीएम योगी ने कहा कि इस साल होली का पर्व हमारे लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इस वर्ष दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष है. यह ऐसा संगठन है जिसके सानिध्य में लाखों कार्यकर्ता भारत के सनातन धर्म की परंपरा और भारत की एकता व अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन होम किए हैं.
अनुशासन का महत्व सिखाता है RSS: मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में अनुशासन का महत्व क्या होता है, यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से सीखा जा सकता है. विजयादशमी से प्रारंभ हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन के कार्यक्रमों में, सामाजिक समरसता को मजबूती प्रदान करने के लिए हिंदू सम्मेलनों के अनुशासन की झलक सबने देखी. इन कार्यक्रमों में समाज का हर एक तबका भागीदार बना लेकिन कहीं भी कोई और व्यवस्था नहीं हुई. कहीं कानून व्यवस्था के लिए संकट नहीं हुआ.

दुनिया में अराजकता पर भारत में माहौल शांत: मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत माता को परम वैभव पर पहुंचने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रहे यशस्वी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर सभी भारतवासियों को गौरव की अनुभूति होती है. सीएम योगी ने कहा कि होली का यह पर्व हम भारत में ऐसे समय में आयोजित कर रहे हैं, जब पूरी दुनिया में अव्यवस्था, अशांति और अराजकता का माहौल है. पर, भारत पीएम मोदी के यशस्वी नेतृत्व में उत्साह व उमंग के साथ इस पर्व का आनंद ले रहा है.
योगी ने उतारी भगवान नरसिंह की आरती: मंच से लोगों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं देने के बाद मुख्यमंत्री ने भगवान नरसिंह का पूजन कर विधि विधान से उनकी आरती उतारी. उन्हें नारियल, गुझिया के साथ फूल, रंग, अबीर, गुलाल अर्पित किया. भगवान नृसिंह की पूजा करने के बाद सीएम पूरी तरह होलीयाना मूड में आ गए. उन्होंने लोगों के ऊपर जमकर फूल की पंखुड़ियां, अबीर, गुलाल उड़ाए. देखते ही देखते योगी समेत समूचा जनमानस रंगों में सराबोर हो गया. इस दौरान जय श्रीराम और हर हर महादेव के नारों के बीच उत्सवी उमंग और उल्लास आसमान पर था.
यह भी पढ़ें: यूपी भर में मनाई जा रही जमकर होली, सीएम योगी से लेकर आम आदमी तक हो रहा रंग-गुलाल से सराबोर

