तस्वीरों में फिर जी उठा सीएम साय का सफर, पुरानी यादों से लेकर गांव खेत तक दिखा जीवन का आत्मीय रंग
फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट दृश्य संवाद 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पुरानी तस्वीरें

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 24, 2026 at 9:28 AM IST
रायपुर: राजधानी रायपुर में आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट दृश्य संवाद 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए. प्रदर्शनी में अपने राजनीतिक सफर, ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें देखकर मुख्यमंत्री पुरानी यादों में खो गए. उन्होंने फोटो पत्रकारिता को समय, समाज और इतिहास को सहेजने का प्रभावशाली माध्यम बताया.
पुरानी तस्वीरों ने लौटाई राजनीतिक सफर की यादें
प्रदर्शनी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जब अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी पुरानी तस्वीरें देखीं तो उनसे जुड़ी कई स्मृतियां ताजा हो गईं. वर्षों पुराने चित्रों को देखते हुए उन्होंने साथ मौजूद लोगों से अपने सफर के कई रोचक संस्मरण साझा किए.

पहली बार विधायक बनने की तस्वीर पर याद आया सफारी सूट
अपनी पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने बताया कि उस समय उन्होंने विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाया था. मुख्यमंत्री के इस सहज संस्मरण ने प्रदर्शनी में मौजूद लोगों के बीच आत्मीय माहौल बना दिया.
हल चलाते तस्वीर देख गांव और खेती के दिन याद आए
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई थीं. हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर उन्होंने खेती के दिनों को याद किया. उन्होंने कहा कि गांव, खेत-खलिहान और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें उन्हें अपनी मिट्टी और पुराने दिनों से जोड़ती हैं.
मुख्यमंत्री ने थामा कैमरा, फोटो पत्रकार को ही कैमरे में किया कैद
दृश्य संवाद 2026 के दौरान एक खास और सहज क्षण भी देखने को मिला. आमतौर पर फोटो पत्रकार जिनकी गतिविधियों और भाव-भंगिमाओं को अपने कैमरे में कैद करते हैं, इस बार मुख्यमंत्री स्वयं कैमरे के पीछे नजर आए. उन्होंने एक फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर खींचकर इस पल को यादगार बना दिया.
तस्वीरें सिर्फ दृश्य नहीं, समय और समाज की कहानी भी कहती हैं
मुख्यमंत्री ने फोटो पत्रकारों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना या क्षण को दर्ज करने का माध्यम नहीं हैं. वे समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजती हैं. कई बार एक तस्वीर बिना शब्दों के पूरी कहानी कह देती है.
मुश्किल परिस्थितियों में भी इतिहास को कैमरे में दर्ज करते हैं फोटो पत्रकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी घटनास्थल पर पहुंचकर समाज और इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों को कैमरे में दर्ज करते हैं. उनका काम पत्रकारिता का महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पक्ष है, जो आने वाली पीढ़ियों को उस दौर की तस्वीर दिखाता है.

दृश्य संवाद नई पीढ़ी को फोटोग्राफी से जोड़ने वाला मंच
मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दृश्य संवाद 2026 की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता की रचनात्मकता को मंच प्रदान करते हैं. साथ ही नई पीढ़ी को अनुभवी फोटो पत्रकारों के काम को देखने, समझने और सीखने का अवसर मिलता है.
प्रकृति, संस्कृति और परंपरा के रंगों ने खींचा दर्शकों का ध्यान
पांच दिवसीय दृश्य संवाद 2026 में प्रेस फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों को भी स्थान दिया गया. प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा और समाचार एवं जनसरोकार जैसे विषयों पर प्रदर्शित तस्वीरों ने छत्तीसगढ़ के जीवन और परिवेश के विविध रंगों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा.
पांच दिनों में पत्रकारों, विद्यार्थियों और फोटोग्राफी प्रेमियों ने देखी प्रदर्शनी
19 अगस्त से आयोजित इस फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी प्रेमियों और लोगों ने प्रदर्शनी देखी. अलग-अलग विषयों पर आधारित तस्वीरों ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन से रूबरू कराया.
समापन समारोह में प्रेस क्लब पदाधिकारी और वरिष्ठ फोटो पत्रकार रहे मौजूद
समापन अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े उपस्थित रहे.
बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट और गणमान्यजन भी हुए शामिल
इस अवसर पर फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के संयोजक दीपक पांडे, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट गोकुल सोनी, प्रदीप डडसेना, राजकुमार चतुर्वेदी, रुपेश यादव, नरेंद्र बंगाले, सुधीर सागर, रमन हलवाई, किशन लोखंडे, मनोज देवांगन, विजय देवांगन, विनय घाड़गे, पंकज चौहान, हीरा मानिकपुरी, त्रिलोचन मानिकपुरी, हेमंत गोस्वामी, जय गोस्वामी, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट एवं गणमान्यजन मौजूद रहे.

