सीएम विष्णुदेव साय ने मनाया जन्मदिन, बच्चों के बीच पहुंचकर काटा केक
सीएम विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिवस मनाया. दिन की शुरुआत उन्होंने पूजा अर्चना से की.इसके बाद बालक आश्रम जाकर केक काटा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 21, 2026 at 6:48 PM IST
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस जशपुर जिले में आध्यात्मिक आस्था, पारिवारिक संस्कार और सामाजिक संवेदना के अद्भुत संगम के रूप में मनाया गया. दिन की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों से हुई, जहां उन्होंने मां से आशीर्वाद लिया और सत्यनारायण कथा सुनी. इसके बाद दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की .इसके बाद बगिया स्थित बालक आश्रम में बच्चों के बीच पहुंचकर जन्मदिन को यादगार बनाया.
मां का आशीर्वाद और सत्यनारायण कथा से दिन की शुरुआत
जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सर्वप्रथम अपनी माता के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया. इसके बाद उन्होंने सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया. धार्मिक वातावरण में संपन्न इस आयोजन में परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे. कथा श्रवण के दौरान प्रदेश की शांति, समृद्धि और नागरिकों के कल्याण की कामना की गई.

प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा
इसके बाद मुख्यमंत्री दोकड़ा स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे. जहां उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की.इस दौरान उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय तथा परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे. मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में परिक्रमा कर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं कल्याण की मंगलकामना की. उन्होंने प्रदेश में शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना करते हुए कहा कि जनकल्याण ही शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है.


बालक आश्रम में बच्चों के बीच आत्मीय जन्मदिन
धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री बगिया स्थित बालक आश्रम पहुंचे, जहां कक्षा पहली से पांचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं. उल्लेखनीय है कि आश्रम में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे. जैसे ही वे आश्रम परिसर पहुंचे, बच्चों के चेहरों पर खुशी की चमक दौड़ गई. कई बच्चे दौड़कर उनके पास आए और कुछ ही क्षणों में पूरा वातावरण पारिवारिक मिलन जैसा बन गया. उस समय मुख्यमंत्री औपचारिक पद की गरिमा से परे एक स्नेही अभिभावक की तरह बच्चों के बीच नजर आए.


मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया.उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर आत्मीय बातचीत की, उनके नाम पूछे, पढ़ाई के बारे में जाना और उनके भविष्य के सपनों को सुना. उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाया. सीएम ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, बड़े सपने देखें और आगे बढ़कर अपने परिवार एवं प्रदेश का नाम रोशन करें. मुख्यमंत्री के इन शब्दों ने बच्चों के मन में आत्मविश्वास और अपनत्व की गहरी भावना जगाई.बच्चों की आंखों की चमक और चेहरों की मुस्कान इस बात का प्रमाण थीं कि यह दिन उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृति बन गया है.
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र : 23 फरवरी से 20 मार्च तक होंगी 15 बैठकें
गुरु खुशवंत साहेब की पदयात्रा बनीं जनअभियान, समाज कल्याण के लिए निकाली गई है यात्रा
CGPSC EXAM :सीजीपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा के नियम, सख्त ड्रेस कोड के साथ समय पर पहुंचना जरुरी

