शिव महापुराण कथा में शामिल हुए सीएम साय, पंडित प्रदीप मिश्रा से लिया आशीर्वाद
सीएम विष्णुदेव साय रविवार को दुर्ग के दौरे पर रहे. यहां उन्होंने पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा सुनीं. अतुल शर्मा की रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 23, 2026 at 4:03 PM IST
दुर्ग: दुर्ग में शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया. पंडित प्रदीप मिश्रा ने कथा का वाचन किया. यह शिव महापुराण कथा सात दिनों तक चली. इस विशेष आयोजन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ भिलाई पहुंचे. उन्होंने सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के अंतिम दिन कथा को सुना. इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने व्यासपीठ का विधिवत पूजन किया और पंडित प्रदीप मिश्रा से आशीर्वाद लिया. इस विशेष आयोजन में सातों दिन भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. भिलाई में भक्ति और आस्था का सैलाब देखने को मिला.
छत्तीसगढ़ वासियों की सुख समृद्धि की कामना- सीएम साय
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की. शिव महापुराण कथा के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन के लिए सीएम साय ने दुर्ग भिलाई के आयोजकों को शुभकामनाएं भी दीं.

छत्तीसगढ़ पर देवाधिदेव भगवान महादेव की विशेष कृपा है. प्रदेश में भगवान भोलेनाथ के साथ-साथ अलग-अलग स्थानों पर विराजित देवी-देवताओं की भी असीम कृपा बनी हुई है.इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों में आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़


साइबर जागरुकता के पोस्टर का विमोचन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर साइबर जागरूकता से जुड़े पोस्टर का विमोचन किया है. उन्होंने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है. सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि मेरी लोगों से गुजारिश है कि वो ऑनलाइन ट्रांजैक्शन को लेकर सावधानी बरतें.

