विकसित भारत के लिए नशे पर प्रहार जरूरी, पीएम मोदी के संदेश पर सीएम साय का सामूहिक आह्वान
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत की बात कही है. इस पर सीएम साय ने सामूहिक आह्वान किया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 30, 2026 at 4:12 PM IST
रायपुर/ दंतेवाड़ा: रविवार को पीएम मोदी के मन की बात का 137वां एपिसोड प्रसारित हुआ. पीएम ने इसमें युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाने की बात कही है. नशामुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी के बड़े अभियान का आह्वान बताया.
नशामुक्त प्रदेश की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज को भुगतने पड़ते हैं. सीएम साय ने नशामुक्त प्रदेश बनाने के लिए आह्वान किया और कहा कि प्रदेशवासी युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी अहम भागीदारी निभाएं.
नशामुक्ति के लिए सामूहिक अभियान की जरूरत- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त को नशामुक्त युवा, विकसित भारत अभियान की शुरुआत कर अत्यंत महत्वपूर्ण संदेश दिया है. इस दिशा में केवल जागरूकता से काम नहीं चलेगा, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को शपथ लेकर सक्रिय रूप से काम करना होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नशे की चपेट में सबसे अधिक हमारी युवा पीढ़ी आ रही है. यह चिंता का विषय है, क्योंकि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है.

नशे से समाज और देश को नुकसान
सीएम साय ने कहा कि नशा केवल युवाओं के शरीर और स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि व्यक्ति के भविष्य, परिवार की खुशहाली और पूरे समाज को प्रभावित करता है. नशे के दुष्परिणाम एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहते. इसलिए परिवार, शिक्षक, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक,सभी को मिलकर युवाओं को नशे से बचाने के लिए आगे आना होगा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान की शुरुआत की है और यह बहुत जरूरी है. सभी को शपथ लेकर इस क्षेत्र में काम करने की आवश्यकता है, क्योंकि इससे हमारी युवा पीढ़ी सबसे अधिक प्रभावित हो रही है. नशा सिर्फ युवाओं के शरीर के लिए ही नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए भी नुकसानदायक है. इसलिए सभी को नशामुक्ति के लिए मिलकर काम करना चाहिए. इस दिशा में प्रधानमंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री ने उनका आभार व्यक्त किया.

मेरी प्रदेशवासियों से अपील है कि वे नशामुक्ति को जनआंदोलन बनाएं. युवाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार, नवाचार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके लिए स्वस्थ वातावरण तैयार करना जरूरी है. स्वस्थ, समर्थ, ऊर्जावान और नशामुक्त युवा पीढ़ी ही एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव रख सकती है- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
देश के लिए नशा मुक्ति जरूरी- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मन की बात की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को एक सूत्र में जोड़ती है. यह कार्यक्रम स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित के साथ-साथ आज के समय की सबसे गंभीर सामाजिक चुनौती नशामुक्ति के प्रति भी नागरिकों को जागरूक करता है. मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि नशामुक्त युवा, विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक संकल्प बनना चाहिए.
जब परिवार सतर्क होंगे, समाज जिम्मेदारी निभाएगा और युवा स्वयं स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का संकल्प लेंगे, तभी नशामुक्त, सशक्त और विकसित भारत का सपना साकार होगा- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
मन की बात पीएम मोदी का आत्मीय संवाद
सीएम साय ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के 140 करोड़ नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है. हर महीने के अंतिम रविवार को देशवासियों को इस कार्यक्रम का इंतजार रहता है. प्रधानमंत्री मन की बात के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, प्रेरक प्रयासों और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ गांवों और छोटे-छोटे क्षेत्रों में अनेक लोग बिना प्रचार और बिना किसी स्वार्थ के समाज एवं राष्ट्रहित में उल्लेखनीय काम कर रहे हैं. कोई पर्यावरण संरक्षण कर रहा है, कोई स्वच्छता के लिए कार्य कर रहा है, तो कोई स्थानीय संसाधनों के माध्यम से नवाचार कर बदलाव ला रहा है. मन की बात ऐसे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देकर न केवल उनका उत्साह बढ़ाती है, बल्कि लाखों लोगों को कुछ नया और बेहतर करने की प्रेरणा भी देती है.
हर घर तिरंगा अभियान रहा सफल
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान के प्रति देशवासियों के अभूतपूर्व उत्साह का उल्लेख किया. अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक देशवासियों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और देशवासियों के गहरे भावनात्मक जुड़ाव की अभिव्यक्ति है. प्रधानमंत्री के आह्वान पर हर घर तिरंगा आज जन-जन का अभियान बन चुका है. ऐसे अभियान राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के साथ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका और कर्तव्यों का भी स्मरण कराते हैं.
पीएम स्वनिधि से महिलाओं को हो रहा फायदा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की चर्चा भी की. रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को इस योजना से अपना कारोबार बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि योजना के लाभार्थियों में लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में करीब 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने छोटे व्यवसायों को नई गति दे रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला न केवल अपने परिवार को मजबूत बनाती है, बल्कि समाज और देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
स्वच्छता को अभियान को जनसंकल्प बनाना होगा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छता के महत्व को एक बार फिर रेखांकित किया है. स्वच्छता में स्थायी परिवर्तन तभी संभव है, जब यह केवल सरकारी अभियान न रहकर प्रत्येक नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बने. उन्होंने कहा कि जब किसी गांव, शहर या क्षेत्र के लोग स्वयं अपने परिवेश को स्वच्छ रखने का संकल्प लेते हैं, तो उसका प्रभाव केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं रहता. इससे उस स्थान की पहचान और वहां के लोगों के जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक बदलाव आता है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, गांव, शहर और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.
मन की बात में छत्तीसगढ़ का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मन की बात की विभिन्न कड़ियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनेक अवसरों पर छत्तीसगढ़ और यहां के उल्लेखनीय प्रयासों का जिक्र किया है. बस्तर ओलंपिक से लेकर मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण के संरक्षण तक, छत्तीसगढ़ की विशिष्टताओं और उपलब्धियों को प्रधानमंत्री ने देशवासियों के सामने रखा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के नवाचारों, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान दिया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है. इससे छत्तीसगढ़ के अच्छे कार्यों को देशभर में पहचान मिलने के साथ लोगों का उत्साह भी बढ़ता है.
"महिमा राजपूत पर छत्तीसगढ़ को गर्व"
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते 12 वर्षों से एक समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर काम कर रहे हैं. बच्चों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए भी देशभर में प्रयास किए जा रहे हैं और स्कूलों में आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं. छत्तीसगढ़ में भी इस दिशा में प्रयास हो रहे हैं.

दंतेवाड़ा में भी सुनी गई मन की बात
दंतेवाड़ा में पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को लेकर छिंदनार में आयोजन किया गया. वन मंत्री केदार कश्यप और बीजेपी के तमाम नेताओं सहित आमजन ने मन की बात सुनी. मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतिहास को रोचक बनाने में तकनीक के उपयोग, नशामुक्त भारत, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और किसानों की नवाचारपूर्ण खेती का जिक्र किया. उन्होंने वोकल फॉर लोकल जैसे विषयों पर देशवासियों से संवाद किया.

