रायपुर मेडिकल कॉलेज में 103 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं का भूमिपूजन, सीएम साय बोले- स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश
छात्रावास, कैंसर भवन विस्तार, आवासीय परिसर का होगा निर्माण, मरीजों और मेडिकल विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा, निर्धारित समय पर निर्माण पूरा करने के भी निर्देश

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 6, 2026 at 8:55 PM IST
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में 103 करोड़ से अधिक की स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया. इनमें आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन का विस्तार और डॉक्टरों व कर्मचारियों के आवासीय परिसर सहित कई विकास कार्य शामिल हैं.

स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है. सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है. इन परियोजनाओं से मरीजों, मेडिकल विद्यार्थियों और डॉक्टरों को सीधा लाभ मिलेगा. उन्होंने बताया कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास की मांग की थी, जिसे सरकार ने पूरा करते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है.
निर्धारित समय से पहले पूरे हों निर्माण कार्य
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ये अधोसंरचना परियोजनाएं चिकित्सा क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होंगी. उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी काम तय समय से पहले और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए.

स्वास्थ्य क्षेत्र में कई नई योजनाएं
वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है. प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज खोले जा रहे हैं. साथ ही योग और प्राकृतिक चिकित्सा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 100 बिस्तरों वाले योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल और रिसर्च सेंटर का निर्माण जारी है. इसके अलावा कोरबा, कांकेर और महासमुंद मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य भी शुरू हो चुके हैं. जगदलपुर में जल्द ही राज्य का दूसरा सबसे बड़ा हार्ट सेंटर बनाया जाएगा.
मेडिकल विद्यार्थियों से की अपील
मुख्यमंत्री ने मेडिकल विद्यार्थियों से पढ़ाई पूरी करने के बाद सरगुजा, बस्तर और प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में भी सेवा देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर शिक्षा, छात्रावास और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

इन परियोजनाओं का होगा निर्माण
- 200 सीट का आधुनिक छात्रावास बनाया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों के साथ डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए भी आवासीय सुविधा होगी.
- कैंसर भवन का विस्तार दूसरी से छठी मंजिल तक किया जाएगा. यहां आधुनिक लैब, वार्ड, आईसीयू और अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाए जाएंगे.
- छात्राओं के छात्रावास का विस्तार किया जाएगा, जिसमें नए कमरे, डॉरमेट्री, लाइब्रेरी, रिक्रिएशन हॉल और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
इस कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर सहित जनप्रतिनिधि, डॉक्टर, मेडिकल विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.

