बलौदाबाजार दौरे पर CM साय, मनवा कुर्मी अधिवेशन में 75 लाख रुपये की घोषणा, गिरौदपुरी में संत समागम में भी हुए शामिल
बाबा गुरु घासीदास की जन्मभूमि गिरौदपुरी में संत समागम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. यहां श्रद्धालुओं को मंदिर का प्रसाद भी वितरित किया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 22, 2026 at 7:40 PM IST
बलौदाबाजार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बलौदाबाजार जिले के दौरे पर रहे. यहां वे गिरौदपुरी धाम पहुंचे और बाबा गुरु घासीदास की जन्मभूमि में आयोजित तीन दिवसीय संत समागम एवं गुरु दर्शन मेले में शामिल हुए. इसके साथ ही वे मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 80वें महाअधिवेशन में भी शामिल हुए.
मनखे-मनखे एक सामान का संदेश
मुख्यमंत्री ने गुरुगद्दी में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की. उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का संदेश “मनखे-मनखे एक समान” समाज में भाईचारा और समरसता बढ़ाने वाला है और राज्य सरकार इसी मार्ग पर काम कर रही है. CM ने श्रद्धालुओं को मंदिर का प्रसाद भी वितरित किया.
मेले में बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरौदपुरी के विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. यहां विशाल जैतखाम के निर्माण सहित कई सुविधाओं का विस्तार किया गया है. मुख्यमंत्री ने मेले के लिए तैयार वेबसाइट और मोबाइल ऐप की जानकारी भी ली और स्वयं QR कोड स्कैन कर सुविधाओं का अवलोकन किया.
व्यापक इंतजाम
जिला प्रशासन ने मेले के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिनमें पुलिस बल के साथ 60 CCTV कैमरे, हेल्थ कैंप और एंबुलेंस जैसी सुविधा शामिल है. साथ ही 220 दाल-भात केंद्र, 550 सफाई कर्मचारी, अस्थायी और स्थायी शौचालय, स्नानागार और पेयजल व्यवस्था भी की गई है.

मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बलौदाबाजार जिले के ग्राम चांपा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 80वें महाअधिवेशन में भी शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी डॉ. खूबचंद बघेल को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी.
75 लाख रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम नरदहा में सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपये और बलौदाबाजार में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की. उन्होंने समाज को परिश्रमी और संगठित बताते हुए कहा कि ऐसे महाअधिवेशन मेल-मिलाप और सकारात्मक निर्णयों का मंच होते हैं.
समाज छत्रपति शिवाजी महाराज, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. खूबचंद बघेल के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है. शिक्षा, महिला स्वावलंबन और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक प्रयास बेहद सराहनीय है- विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

सरकार की योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास पूरे किए गए हैं. साथ ही 25 लाख से अधिक किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया. होली से पहले किसानों को अंतर की राशि भी दी जाएगी. बस्तर क्षेत्र में भी विकास कार्य तेज हुए हैं और नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में सरकार काम कर रही है.
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और लोग उपस्थित रहे.

