'प्रदेश की संपदा लूटने वालों पर कार्रवाई करेगी कांग्रेस सरकार', भाजपा पर बरसे सीएम सुक्खू
शिमला में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व पीएम के योगदान को किया याद.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 20, 2026 at 2:51 PM IST
|Updated : August 20, 2026 at 4:57 PM IST
शिमला: राजधानी शिमला में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कैबिनेट मंत्रियों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी और राजीव गांधी के योगदान को याद किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने विपक्ष को मानसून सत्र में तथ्यों के साथ आने की नसीहत दी. वहीं, विधायक डॉ. जनक राज पर विजिलेंस जांच को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसी बदले की भावना से काम नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की संपदा को लूटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही मुख्यमंत्री ने पेपर लीक मामले पर भी पूर्व भाजपा सरकार पर दिखा हमला बोला है.
'बदले की भावना से काम नहीं कर रही सरकार'
विधायक डॉ. जनक राज पर विजिलेंस जांच को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि, "सरकार किसी बदले की भावना से काम नहीं कर रही है. प्रदेश की संपदा को लूटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. भाजपा यह नहीं कह सकती कि जिन्होंने प्रदेश को लूटा, उन पर केस न बनाया जाए. अगर भाजपा केस नहीं बनाएगी तो यह जनता के साथ धोखा होगा. विधायक डॉ. जनक राज को जांच के लिए बुलाया गया है और उन्हें जवाब देकर तथ्य बताने चाहिए. पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन किए गए और अभी और तथ्य भी सामने आ रहे हैं. उस समय जनक राज IGMC के मेडिकल सुपरिटेंडेंट थे.जिन लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, वही भाजपा की ओर से बनाई जा रही चार्जशीट के सदस्य हैं."
पेपर लीक को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकारिणी कमेटी (CWC) की बैठक में पेपर लीक को लेकर पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं करवाने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि हिमाचल में जब पेपर लीक हुआ था, तब क्या भाजपा के पैरों में बेड़ियां पड़ी थीं. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पेपर लीक मामले में कार्रवाई की और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा. वर्तमान सरकार में अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है और सरकारी नौकरियों का रिकॉर्ड टूट रहा है. सरकार खास तौर पर शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में आउटसोर्स व्यवस्था खत्म करना चाहती है. पब्लिक सर्विस कमीशन में पहली बार लिखित परीक्षा के नंबर जोड़ने का फैसला लिया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में सिफारिश की कोई गुंजाइश नहीं है और लिखित परीक्षाओं के लिए न्यूनतम नंबर तय किए गए हैं.
20 साल में पहली बार 10 दिन का मानसून सत्र
मानसून सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 साल में पहली बार 10 दिन का सत्र बुलाया गया है. उन्होंने कहा कि आम तौर पर सरकारें छोटा सत्र रखती हैं, ताकि चर्चा न हो, लेकिन यह पहली सरकार है जिसने सत्र लंबे रखे हैं. मुख्यमंत्री ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि मुद्दों पर सदन में आएं. अगर पहले दिन से तख्तियां लेकर वॉकआउट का इरादा है तो मुद्दों पर बात करें. उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दों को लेकर सदन में आएगा तो सरकार जवाब देगी. सरकार श्वेत पत्र ला रही है, जिससे जनता के सामने दूध का दूध और पानी का पानी होगा और यह पता चलेगा कि किसने हिमाचल की संपदा को लूटने का काम किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के हक की लड़ाई लड़ रही है. मुख्यमंत्री ने विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष से कहा कि वे वॉकआउट करें, विरोध जताएं, लेकिन सरकार को भी बोलने दें. सीएम ने आशंका जताई कि चुनाव आने वाले हैं और सोशल मीडिया पर बने रहने के लिए विपक्षी लोग हंगामा कर सकते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर भाजपा जीत रही है.
पत्रकारों पर दर्ज मामलों पर सीएम ने कही ये बात
वहीं, पत्रकारों पर मामले दर्ज करने के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर तथ्य लिखे जाएंगे तो मामले दर्ज नहीं होंगे, लेकिन झूठ बोलकर वातावरण दूषित करने का प्रयास किया गया तो कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि यह कानून राज्य सरकार ने नहीं, बल्कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बनाया है. केंद्र सरकार करीब 4 हजार वेबसाइट बंद कर चुकी है. राज्य सरकार केवल झूठ के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल सरकारी नहीं, बल्कि आम लोग भी एफआईआर कर रहे हैं और ब्लैकमेल करने का ट्रेंड चल रहा है. ब्लॉगर्स व्यूज बढ़ाने के लिए नकारात्मक खबरें चला देते हैं.

बीबीएमबी से होगी से होगी अतिरिक्त आय !
CWC बैठक और दिल्ली दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि CWC की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई है. CWC पार्टी का कार्यक्रम तय करेगी और इन कार्यक्रमों को जनता तक ले जाया जाएगा. उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के बाद वह दिल्ली जाएंगे और केंद्र सरकार के सामने हिमाचल के हक को लेकर चर्चा करेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बीबीएमबी को लेकर महत्वपूर्ण फैसला आने वाला है. अगर फैसला हिमाचल के हक में आता है तो प्रदेश को हर साल 500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी. उन्होंने कहा कि कपिल सिब्बल इस मामले में पेश होंगे और फोन पर चर्चा की गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा एफिडेविट दे चुका है, लेकिन पंजाब आनाकानी कर रहा है. फैसला हिमाचल के हक में आया तो प्रदेश को अतिरिक्त आय होगी और पंजाब-हरियाणा को हिमाचल के पानी का लाभ मिलेगा.
राजीव गांधी के योगदान को सीएम ने किया याद
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से सद्भावना दिवस मनाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में 18 साल की उम्र में युवाओं को वोट की ताकत देना राजीव गांधी की देन है. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया था. बेहतर शिक्षा की सोच के साथ उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालयों की शुरुआत की और इसी तर्ज पर हिमाचल में 68 राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल तैयार किए जा रहे हैं. सरकार इन्हें प्रदेश के बेहतरीन सरकारी डे बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना के तहत किसानों को एमएसपी दी जा रही है और ग्रामीण व्यवस्था को मजबूत किया गया है. हमीरपुर में उत्तर भारत की पहली टेस्टिंग लैब स्थापित की गई है.

