ETV Bharat / state

हिमाचल में इस विभाग के भवनों के रूफटॉप पर लगेंगे सोलर सिस्टम, सीएम सुक्खू ने दिए निर्देश

सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में ऊर्जा खपत का 90% नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के दोहन से पूरा किया जाएगा.

Solar system on Health Department building rooftops
सीएम सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग को दिए निर्देश (HP DPRO)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 11, 2026 at 1:23 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के तहत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थान भवनों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसके निर्देश दिए हैं. सीएम ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से इन सभी भवनों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने से हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और धन की बचत भी होगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य को हरित ऊर्जा राज्य के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा है. इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं.

ऊर्जा क्षेत्र में हिमाचल सरकार का लक्ष्य निर्धारित

सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की हर साल की ऊर्जा खपत करीब 13 हजार मिलियन यूनिट है. प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने लक्ष्य निर्धारित किया है. जिसके तहत ऊर्जा खपत का 90 प्रतिशत से ज्यादा नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों (renewable energy sources) के दोहन से पूरा किया जाए. प्रदेश सरकार ने दो सालों के अंदर हिमाचल में 500 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. वर्तमान में प्रदेश में 32 मेगावाट की पेखूबेला सौर ऊर्जा परियोजना, 5 मेगावाट की भंजाल सौर ऊर्जा परियोजना और 10 मेगावाट की अघलौर सौर ऊर्जा परियोजना विद्युत उत्पादन कर रही हैं. राज्य सरकार सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, कम्प्रेस्ड बायोगैस और अन्य क्षेत्रों में वैकल्पिक ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने की दिशा में विशेष रूप से प्रयास कर रही है.

हरित ऊर्जा राज्य के लिए ग्रीन पंचायत कार्यक्रम

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ग्राम पंचायतों को केंद्रीय भूमिका में रखा है. ग्रीन पंचायत कार्यक्रम शुरू किया गया है. जिसके तहत सभी पंचायतों में 500 किलोवाट की ग्राउंड माउंटेड सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जाएगी. योजना के पहले चरण में 24 ग्राम पंचायतों में 500 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र स्थापित करने की मंजूरी मिल चुकी है. 16 पंचायतों में इसका काम शुरू हो चुका है. कार्यक्रम के तहत कुल 150 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य है. इस कार्यक्रम के तहत परियोजनाओं द्वारा उत्पादित बिजली से अर्जित 20 प्रतिशत राजस्व हिमाचल सरकार द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत के अनाथ बच्चों एवं विधवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए उपयोग किया जाएगा.

यहां शुरू की सौर ऊर्जा परियोजना

  • ऊना जिला स्थित पेखूबेला सौर ऊर्जा परियोजना का वाणिज्यिक संचालन 15 अप्रैल, 2024 से शुरू हो गया है. अब तक यहां 79.03 मिलियन यूनिट का शुद्ध विद्युत उत्पादन और 22.91 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है.
  • ऊना जिले में स्थित भंजाल सौर ऊर्जा परियोजना का वाणिज्यिक संचालन 30 नवंबर, 2024 से शुरू हो गया है. इस परियोजना के जरिए अब तक 8.57 मिलियन यूनिट का शुद्ध विद्युत उत्पादन और 3.10 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है.
  • ऊना जिले में स्थित अघलौर सौर ऊर्जा परियोजना में विद्युत उत्पादन 21 मई, 2025 से शुरू हो गया है. इस परियोजना के जरिए अब तक 5.89 मिलियन यूनिट का शुद्ध विद्युत उत्पादन किया गया है.
  • 31 मेगावाट की तीन सौर ऊर्जा परियोजनाएं निष्पादन चरण में हैं, 41 मेगावाट की चार सौर ऊर्जा परियोजनाएं निविदा चरण में हैं.
  • कांगड़ा जिले के डमटाल क्षेत्र में बंजर भूमि पर 200 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा.
  • ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर 250 किलोवाट से 5 मेगावाट तक की सौर ऊर्जा योजनाएं आवंटित की जा रही हैं. इन परियोजनाओं द्वारा उत्पादित बिजली को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा खरीदा जाएगा.
  • इसके तहत अब तक 547 निवेशकों के साथ 595.97 मेगावाट क्षमता की आवंटित ग्राउंड माउंटेड सौर ऊर्जा परियोजनाओं में से 403.09 मेगावाट क्षमता के विद्युत खरीद समझौतों पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं.
  • हिमऊर्जा द्वारा 728.4 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड को आवंटित की जा चुकी हैं, जिनमें से 150.13 मेगावाट क्षमता की 120 माउंटेड सौर ऊर्जा परियोजनाएं शुरू की जा चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: हिमाचल के इस विभाग में अब AI से होगा काम, सीएम सुक्खू ने सरकारी कर्मचारियों को दिए ये निर्देश