ETV Bharat / state

बड़ा भंगाल की पात्र महिलाओं को मिलेंगे ₹1500, स्कूली बच्चों को मिलेगा इंसेंटिव, बनेंगे नोडल स्कूल: CM सुक्खू

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा भंगाल दौरे पर की 6 बड़ी घोषणाएं. इस दौरान सीएम ने कहा सरकार भेड़ पालकों से मीट खरीद करेगी.

Etv Bharat
Etv Bharat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 27, 2026 at 8:47 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कांगड़ा: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू आज जिला कांगड़ा के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल पहुंचे. जहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया और उनकी समस्याओं को जाना. इसी के साथ सुक्खू प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री होंगे, जो यहां रात्रि प्रवास करेंगे.

पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपए

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोगों से संवाद के दौरान 6 बड़ी घोषणाएं की. उन्होंने बड़ा भंगाल की सभी पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इस दुर्गम क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर सेट लगाए जाएंगे.

सीएम  सुक्खू ने बड़ा भंगाल दौरे पर की 6 बड़ी घोषणाएं
सीएम सुक्खू ने बड़ा भंगाल दौरे पर की 6 बड़ी घोषणाएं (ETV Bharat)

इको टूरिज्म के रूप में विकसित होगा बड़ा भंगाल

सीएम ने कहा बड़ा भंगाल के स्कूली बच्चों को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए इंसेंटिव दिया जाएगा. इस क्षेत्र के नजदीकी स्कूलों को सरकार नोडल स्कूल बनाएगी. ताकि बीड़ इत्यादि क्षेत्रों में जाकर यहां के बच्चे स्कूली शिक्षा ग्रहण कर सकें. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बड़ा भंगाल को इको टूरिज्म के तौर पर विकसित करने के निर्देश दिए और शीघ्र ही विस्तृत कार्य योजना बनाने को कहा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती से उगाए गए राजमाह पर सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान करेगी.

भेड़ पालकों से मीट खरीदेगी सरकार

सुक्खू ने कृषि विभाग के अधिकारियों को बड़ा भंगाल के लोगों को प्राकृतिक खेती के साथ जोड़ने व इसके लिए सभी सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश भी दिए. इस क्षेत्र के भेड़ पालकों के लिए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रेदश सरकार भेड़ पालकों से मीट की उचित मूल्य पर खरीद करेगी.

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार उनका जीवन सुगम बनाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी. उन्होंने क्षेत्र का दौरा कर आपदा के समय हुए नुकसान का जायजा भी लिया. उन्होंने कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे स्थानीय लोगों के अनुभवों को करीब से जाना. उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 के बाद प्रदेश के किसी भी मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल का दौरा नहीं किया है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में कर्ज में डूबे किसानों को मिलेगी बड़ी राहत, अब बकाया ब्याज का आधा बोझ उठाएगी सरकार, जानिए किन्हें मिलेगा सीधा फायदा?