ETV Bharat / state

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर CM सुक्खू हमीरपुर में करेंगे योगाभ्यास, लोगों को देंगे स्वस्थ जीवन का संदेश

रविवार को हमीरपुर दौरे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जोल सप्पड़ में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास करेंगे.

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (DIPR)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 20, 2026 at 10:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू हमीरपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. आयुष विभाग और जिला प्रशासन की ओर से अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ हजारों लोग योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे.

योग दिवस को लेकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएम सुक्खू रविवार सुबह लगभग 6:15 बजे हमीरपुर पहुंचेंगे. इसके बाद वह अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे. योगाभ्यास सत्र में मुख्यमंत्री के साथ आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, अन्य गणमान्य अतिथि और विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल होंगे. कार्यक्रम में करीब दो हजार लोगों के भाग लेने की संभावना है.

योग दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा. योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए जाएंगे. साथ ही योग के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी भी दी जाएगी.

योगाभ्यास सत्र के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जोल सप्पड़ स्थित निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज के नए परिसर का दौरा करेंगे. यहां वह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास करेंगे. इस परियोजना के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी. इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे शिमला के लिए रवाना होंगे.

डीसी हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने कहा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयुष विभाग और जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लें.

उपायुक्त ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और जिला के वरिष्ठ अधिकारियों को कार्यक्रम और दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी व्यापक तैयारियां की हैं. ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में ग्राम सभाएं होंगी और पावरफुल, भवन निर्माण को लेकर सरकार देने जा रही नई शक्तियां: जगत नेगी