दिल्ली में तबीयत बिगड़ने पर एम्स पहुंचे सीएम सुखविंदर, डॉक्टरों ने किया चेकअप
तबीयत बिगड़ने पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली एम्स में इलाज कराया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 21, 2026 at 6:22 PM IST
शिमला: दिल्ली दौर पर पहुंचे सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की अचानक तबीयत बिगड़ गयी. अस्वस्थ होने पर सीएम सुक्खू उपचार के लिए एम्स पहुंचे. AIIMS में उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनका विस्तृत चेकअप किया.
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों विधानसभा बजट सत्र के बाद श्रीनगर और फिर दिल्ली में आयोजित हुई बैठक के व्यस्त कार्यक्रम के बीच सीएम सुक्खू के पेट में तेज दर्द उठा. ऐसे में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत एम्स ले जाया गया. अस्पताल प्रशासन ने जांच के बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी है. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और किसी खतरे की बात नहीं है, लेकिन अत्यधिक कार्यभार और भागदौड़ के कारण उन्हें कुछ दिनों का पूर्ण विश्राम लेना जरूरी है.
वहीं, जरूरी टेस्ट कराने के बाद सीएम सुक्खू वापस हिमाचल सदन लौट आए हैं. अस्पताल में उपचार मिलने के बाद सीएम सुक्खू की तबीयत में सुधार है. वहीं सीएम सुक्खू की टेस्ट रिपोर्ट भी ठीक है, जो राहत की बात है. हालांकि, अभी तक सीएम के स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं हुआ है.
बीते दिन बैठक में हुए थे शामिल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कैबिनेट के सहयोगियों के साथ दिल्ली में आयोजित हुई बैठक में हिस्सा लेने गये था. दिल्ली में शुक्रवार को शाम 5 बजे के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए.
इस मीटिंग में 16 मार्च को हिमाचल में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर चर्चा हुई. इसके साथ ही फाइनेंस कमिशन की RDG को बंद करने की समीक्षा के बाद प्रदेश में उपजे आर्थिक हालातों को लेकर चर्चा हुई. इसके अलावा हिमाचल से जुड़े अन्य मसलों पर भी बैठक हाइकमान के साथ चर्चा हुई.
ये भी पढ़ें: PM का विरोध करते-करते, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का विरोध कर रहे राहुल गांधी: अनुराग ठाकुर

