धर्मशाला छात्रा मौत मामला: CM सुक्खू ने पीड़ित परिवार से फोन पर की बात, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
धर्मशाला छात्रा मौत मामले में CM सुक्खू ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की. उन्होंने परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 10:47 PM IST
धर्मशाला: धर्मशाला कॉलेज की छात्रा की मौत के मामले में प्रदेश सरकार और प्रशासन ने अपनी सक्रियता और बढ़ा दी है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार रात पीड़ित परिवार से फोन पर बातचीत कर गहरी संवेदना जताई और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया. वहीं, पुलिस ने जांच को और व्यापक करते हुए मृतका के परिजनों को भी जांच प्रक्रिया में शामिल कर लिया है.
CM सुक्खू ने पीड़ित परिवार से की बात
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा धर्मशाला पहुंचकर मृतक छात्रा के परिजनों से मिले. इस दौरान मंत्री गोमा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की परिजनों से फोन पर बात करवाई. मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है.
सीएम सुक्खू ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष, गहन और समयबद्ध जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी.
बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही
कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा ने भी परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन को जांच में पूरी पारदर्शिता रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. इस मौके पर कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा, धर्मशाला के पुलिस अधीक्षक अशोक रतन और कांग्रेस नेता दविंदर जग्गी भी मौजूद रहे.
पुलिस जांच में अब परिजन भी शामिल
धर्मशाला कॉलेज छात्रा मौत मामले में पुलिस ने अब मृतका के परिजनों को भी जांच में शामिल कर लिया है. पुलिस टीम ने छात्रा के घर पर सर्च कर कुछ अहम दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इसके साथ ही पुलिस की टीमें उन सभी अस्पतालों से छात्रा की मेडिकल हिस्ट्री जुटा रही हैं, जहां उसका इलाज हुआ था.
एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया, "मेडिकल हिस्ट्री मिलने के बाद मेडिकल ऑफिसर और मेडिकल बोर्ड की राय के आधार पर ही पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचेगी. प्रोफेसर पर लगे आरोपों को लेकर उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ रही है."
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि 26 दिसंबर 2025 को धर्मशाला कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. परिजनों का आरोप है कि कॉलेज की तीन छात्राओं द्वारा रैगिंग, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई. इसके साथ ही कॉलेज के एक प्रोफेसर पर भी अभद्र व्यवहार और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
पुलिस ने एक प्रोफेसर और तीन छात्राओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. प्रोफेसर को सरकार द्वारा सस्पेंड कर दिया गया है. मामले में हाई-लेवल जांच कमेटी भी गठित की गई है और जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: धर्मशाला छात्रा मौत मामला: निलंबित प्रोफेसर बोले- सभी आरोप निराधार, जांच में दूंगा पूरा सहयोग

