हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के बागवानों को होगा सीधा नुकसान, मुफ्त व्यापार समझौते के होंगे गंभीर परिणाम: CM सुक्खू
सीएम सुखविंदर सिंंह सुक्खू ने कहा कि मुफ्त व्यापार समझौते का हिमाचल के किसान-बागवानों पर पड़ेगा गंभीर प्रभाव.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 19, 2026 at 9:06 PM IST
|Updated : February 19, 2026 at 10:37 PM IST
शिमला: हाल ही में हुए मुफ्त व्यापार समझौते हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के किसानों और बागवानों पर गंभीर प्रभाव डालेंगे. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज श्रीनगर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ये बात कही. उन्होंने कहा कि इन समझौतों के कारण सेब, अखरोट, बादाम और अन्य फलों का आयात विदेशों से बढ़ेगा, जिससे स्थानीय किसानों और बागवानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा.
हित में नहीं समझौता
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, 'केंद्र सरकार ने न्यूजीलैंड, संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोपीय संघ जैसे देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जिनके तहत सेब और सूखे मेवों पर आयात शुल्क में कमी की गई है. इससे हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के किसानों और बागवानों को सीधा नुकसान होगा. ऐसे समझौते देश के किसानों और आम जनता के हित में नहीं हैं'.
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ऐसी नीतियों के प्रतिकूल प्रभाव आने वाले वर्षों में स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे. सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लोग अपनी आजीविका के लिए कृषि और बागवानी पर निर्भर हैं. कृषि और बागवानी दोनों राज्यों की अर्थव्यवस्था का महत्त्वपूर्ण आधार हैं.
उन्होंने कहा कि हिमाचल में सेब बागवानी से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में करीब 5 हजार करोड़ रुपये का योगदान है और यह 2.5 लाख परिवारों की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आजीविका का आधार है. इसके लिए केंद्र से कोई भी सहायता या समर्थन नहीं मिला, यह बागवानों के साथ सीधा अन्याय और हिमाचल और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों की आर्थिकी पर प्रहार है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार किसानों और आम जनता की आवाज उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उन्हें बोलने से रोकने का प्रयास कर रही है. राहुल गांधी की आवाज दबाई नहीं जा सकती. कांग्रेस पार्टी किसानों और बागवानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी.
ये भी पढ़ें: सेब कारोबारी से 31 लाख की ठगी का मामला, आरोपी व्यापारी के खिलाफ FIR दर्ज

