ETV Bharat / state

हिमाचल के इतने मछुआरों को वित्तीय सहायता जारी, CM सुक्खू ने DBT से खाते में भेजे पैसे

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने 95 लाख रुपये की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण भी किया.

CM सुक्खू ने जारी की राशि
CM सुक्खू ने जारी की राशि (DIPR)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 8:59 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश सरकार ने मछुआरा परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए बड़ी पहल की है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के डाडासीबा में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्मान निधि योजना के तहत 1,012 मछुआरा परिवारों को कुल 35.42 लाख रुपये की वित्तीय सहायता जारी की. प्रत्येक परिवार के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 3,500 रुपये की राशि पहुंचाई गई. इस दौरान मुख्यमंत्री ने जसवां-प्रागपुर क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं.

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मछली पकड़ने पर लगाए जाने वाले वार्षिक प्रतिबंध की अवधि में मछुआरा परिवारों की आय प्रभावित होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार हर पात्र मछुआरा परिवार को 3,500 रुपये की वार्षिक सहायता दे रही है. उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य मछुआरा समुदाय की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देना है. सरकार ने मछली के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य भी तय किया है.

डाडासीबा में खुलेगा एसडीएम कार्यालय

मुख्यमंत्री ने डाडासीबा में नया उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय खोलने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कामकाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. नए कार्यालय से संबंधित अधिसूचना जल्द जारी करने की बात भी कही गई. मुख्यमंत्री ने कस्बा कोटला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे संचालित करने के लिए आवश्यक प्रावधान करने की घोषणा की. सरकार का कहना है कि इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.

नादौन में 17.52 करोड़ के स्कूल भवन की आधारशिला

इसके बाद मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन पहुंचे, जहां उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के नए भवन की आधारशिला रखी. करीब 17.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. भवन में छह कक्षाएं, सात प्रयोगशालाएं, स्टाफ रूम, पुस्तकालय, संगीत, नृत्य और कला कक्ष सहित कई सुविधाएं होंगी.

खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नादौन में अत्याधुनिक खेल परिसर विकसित किया जा रहा है, जिसमें करीब 14 इनडोर खेलों की सुविधाएं होंगी. सरकार खेल पर्यटन को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी काम कर रही है. इसके अलावा हमीरपुर में आयुर्वेदिक संस्थान और एलाइड एंड हेल्थ केयर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी काम चल रहा है.

ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों की आय बढ़ाने के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है. उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य पालन और रोजगार के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकता लोगों को बेहतर सुविधाएं देना है. डाडासीबा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं ने भी मछुआरा परिवारों के लिए शुरू की गई योजना को महत्वपूर्ण कदम बताया.

डाडासीबा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने 95 लाख रुपये की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण भी किया. इसके अलावा डाडासीबा स्कूल के विज्ञान खंड, विभिन्न सड़क कार्यों और अलोह में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन सहित कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई.

ये भी पढ़ें: पत्नी कमलेश ठाकुर के गृहक्षेत्र देहरा को CM सुक्खू ने दी करोड़ों की सौगात, कई विकास परियोजनाओं का किया ऐलान

ये भी पढ़ें: विधायक पत्नी ने मुस्कुरा कर भेंट किए फूल, CM सुक्खू ने भर दी देहरा की झोली, राज्य की पहली ओजोन पेयजल योजना की सौगात