बंगाल-असम रिजल्ट के बाद बोले सीएम सुक्खू, EVM कोई भी कर सकता है हैक
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनावी नतीजों पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने ईवीएम पर बड़े सवाल उठाए हैं.


By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 4, 2026 at 2:30 PM IST
शिमला: पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में चुनावी रुझान आ रहे हैं. केरल को छोड़कर अन्य सभी राज्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी, पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु में अच्छा प्रदर्शन कर रही है. केरल में भी कुछ सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ईवीएम पर सवाल उठाए है.
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा बयान दिया है. सीएम सुक्खू ने कहा कि 'ईवीएम मशीन को कोई भी कहीं भी हैक कर सकता है. 2014 के लोकसभा चुनाव के समय वोटिंग प्रतिशत को देखते हुए ये सवाल उठाया था. बंगाल में कांग्रेस में 20 साल बाद अपने उम्मीदवार सभी सीटों पर उतरे हैं. मैं खुद वहां पर प्रचार करने गया था, वहां पर टीएमसी के खिलाफ काफी लोगों में रोष था. ममता बनर्जी पहले कांग्रेस में ही थी और उन्होंने ही टीएमसी पार्टी बनाई और उन्होंने कांग्रेस के वोट बैंक को नुकसान पहुंचाया.'
'बीजेपी ने किया ध्रुवीकरण'
सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बंगाल में दोबारा से खड़ी हुई है. भविष्य में वहां पर निश्चित रूप से ही कांग्रेस सत्ता पर काबिज होगी. बंगाल में बीजेपी ने ध्रुवीकरण किया है और टीएमसी की 15 साल की एंटी इनकम्बेंसी का फायदा उठाया है. आने वाले समय में कांग्रेस बंगाल में कम बैक करेगी और कांग्रेस का ही भाजपा के साथ सीधा मुकाबला होगा. बंगाल में 49 साल से कांग्रेस सत्ता में नहीं है और केरल में कम बैक किया है और वहां पर कांग्रेस अपनी सरकार बनाने जा रही है. दो राज्यों बंगाल और असम में कांग्रेस चुनाव हारी है यही लोकतंत्र की विशेषता है.
'ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल कर रही बीजेपी'
वहीं, सीएम सुक्खू ने कहा कि बीजेपी ईडी और सीबीआई को कार्यकर्ताओ के रूप में प्रयोग कर कर रही है. देश मे 2014 के बाद एक राजनीतिक परिवर्तन आया. पहले लोकतंत्र में किसी भी संस्था को दवाब में नहीं लिया जाता था, लेकिन भाजपा ईडी-सीबीआई को अपने कार्यकर्ता की तरह इस्तेमाल कर रही है. भाजपा चुनाव में साम, दाम, दंड, भेद सब का प्रयोग करती है जो कि कांग्रेस ने कभी नहीं किया.
10 गारंटियों को किया पूरा
सीएम सुक्खू ने कहा कि हमारी सरकार ने 10 गारंटियों को पूरा कर दिया है. 15 सौ रुपए महिलाओं को दिए जा रहे हैं. अभी कुछ जिलों में महिलाओं को ये राशि दी जा रही है. अभी डेढ़ साल सरकार के कार्यकाल का है अन्य जिलों में भी ये राशि महिलाओं को दी जाएगी. बीजेपी महिलाओं को 1500 देने पर सवाल उठाती है, लेकिन अब भाजपा के कार्यकर्ताओं और विधायकों की पत्नियों को तो 1500 रुपये नहीं दे सकते हैं. ये तो आम आदमी को ही मिलेगा, जिसकी आय दो लाख से कम होगी.

