CM सुक्खू को जान से मारने की धमकी! तुरंत हरकत में आई पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
वीडियो पोस्ट करने वाला व्यक्ति हमीरपुर जिले के ही एक गांव का रहने वाला है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 4:18 PM IST
हमीरपुर: सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आने के बाद हमीरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शिकायत मिलने के कुछ ही समय बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. अदालत में पेश किए जाने के बाद आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. अब पुलिस वीडियो बनाने के उद्देश्य, उसके प्रसारण और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
पुलिस के अनुसार, शिवनगर निवासी विश्व शामा ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक व्यक्ति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसा वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है. शिकायत के अनुसार वीडियो में मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. इसके अलावा वीडियो में एक विशेष समुदाय के खिलाफ भी कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां की गई थीं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताई गई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी.
तकनीकी जांच से आरोपी की हुई पहचान
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल तथ्यों का विश्लेषण किया. इससे पता चला कि वीडियो पोस्ट करने वाला आरोपी हमीरपुर जिले के ही एक गांव का निवासी है. इसके बाद, गुरुवार शाम को उसे पूछताछ के लिए भोटा पुलिस चौकी बुलाया गया. पूछताछ में सामने आए तथ्यों और डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.
रिमांड के दौरान कई पहलुओं की होगी जांच
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया, "मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो किस उद्देश्य से बनाया गया, उसे किन-किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है. पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके."
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपशब्दों का प्रयोग करने, किसी व्यक्ति के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने, उसकी छवि धूमिल करने और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच के दौरान यदि नए तथ्य सामने आते हैं तो केस में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा रहा है.
सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम जरूर है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि या किसी समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना कानूनन अपराध है. ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: भरमौर के लियूडांधार में फंसे सभी 24 श्रद्धालु रेस्क्यू, तरंगड़ी टूटने से बीच रास्ते में फंसे थे लोग
ये भी पढ़ें: बस रोककर हाथ-मुंह धो रहे थे चालक-परिचालक, तभी पहाड़ी से गिरा पत्थर, HRTC कंडक्टर की मौत

