पत्नी कमलेश ठाकुर के गृहक्षेत्र देहरा को CM सुक्खू ने दी करोड़ों की सौगात, कई विकास परियोजनाओं का किया ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों पर पर्याप्त धनराशि खर्च की जा रही है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 4:42 PM IST
देहरा: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी पत्नी और कांग्रेस विधायक कमलेश ठाकुर के गृहक्षेत्र देहरा को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी है. कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र के बड्डल थोर में शनिवार को जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पहली ओजोन आधारित पेयजल उपचार परियोजना स्थापित करने की घोषणा की. इस परियोजना पर 46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा बड्डल थोर में पशु चिकित्सालय खोलने का भी ऐलान किया गया.
लोगों को मिलेगा स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की पहली ओजोन आधारित पेयजल उपचार परियोजना स्थापित की जा रही है. राज्य सरकार ने इसके लिए 46 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है. इस परियोजना के जरिए लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि दूषित पानी के सेवन से कई तरह की बीमारियों का खतरा रहता है. ऐसे में लोगों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की ओजोन आधारित जल उपचार परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी.
बड्डल थोर में खुलेगा पशु चिकित्सालय
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड्डल थोर में पशु चिकित्सालय खोलने की भी घोषणा की. इससे क्षेत्र के लोगों को पशुओं के इलाज के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी. उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है. पशुपालन से जुड़े लोगों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना भी इसी प्रयास का हिस्सा है.
देहरा में विकास के लिए धन की कमी नहीं होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों पर पर्याप्त धनराशि खर्च की जा रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी. इससे पहले बड्डल थोर हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर और अन्य कांग्रेस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया.
लक्ष्मी नारायण मंदिर में की पूजा-अर्चना
इससे पहले देहरा विधानसभा क्षेत्र के बड्डल थोर हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस अवसर पर स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर एवं अन्य कांग्रेस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया. मुख्यमंत्री ने चनौर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना भी की तथा प्रदेश के लोगों की शांति, समृद्धि एवं सुख-कल्याण के लिए प्रार्थना की.
ये भी पढ़ें: 60 साल पुराना ट्रांसफार्मर बदलने पर हाई वोल्टेज ड्रामा, सीएम सुक्खू की पत्नी के विधानसभा क्षेत्र का मामला
ये भी पढ़ें: अपना परिवार सुखी परिवार योजना का BPL लिस्ट पर नहीं होगा कोई असर, यहां जानिए दोनों में अंतर

