ETV Bharat / state

'15 हजार महिलाओं को अगले महीने से मिलेंगे 1500-1500 रुपये, CBSE स्कूलों से बच्चों को मिलेंगे शिक्षा के नए अवसर'

चंबा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने Gen Z और Gen Alpha की इस पीढ़ी से मिलकर उनके सपनों, सोच और आकांक्षाओं को जाना.

CM Sukhu visit Churah Chamba
चंबा दौरे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बड़ा ऐलान (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : November 5, 2026 at 11:34 AM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

चंबा: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर क्षेत्रवासियों को 60 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी. मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए. इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं.

15 हजार महिलाओं को मिलेंगे 1500-1500 रुपये

चुराह में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, "विधानसभा क्षेत्र की करीब 15 हजार महिलाओं को अगले महीने से 1500-1500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी. प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है. सरकार की ओर से महिलाओं को दी जाने वाली यह आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी."

सीएम सुक्खू ने शिक्षा के क्षेत्र में भी चुराह को बड़ी सौगात देते हुए हिमगिरी, थल्ली और सेहीकोठी के स्कूलों को सीबीएसई का दर्जा प्रदान करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को भी अब गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे. सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने घर के नजदीक ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हों. उन्होंने कहा कि आने वाले शैक्षणिक सत्र से इन स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे.

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी विस्तार से जिक्र किया. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और सरकार ने चिकित्सा संस्थानों में आधुनिक तकनीक और मशीनरी उपलब्ध करवाने की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं. आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, जो प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेंगी.

स्वास्थ के क्षेत्र में व्यवस्था परिवर्तन

मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश के कई बड़े अस्पतालों में पिछले 20-20 वर्षों से इस्तेमाल की जा रही पुरानी मशीनों को हटाकर उनकी जगह नई और आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं. प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को अपने ही प्रदेश में बेहतर उपचार मिल सके. स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा और बुनियादी ढांचे का विकास भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. चुराह जैसे दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को गति देना सरकार की जिम्मेदारी है.

'2032 तक हिमाचल को देश का सबसे अमीर राज्य बनाने का लक्ष्य'

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, हिमाचल प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य वर्ष 2032 तक हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे अमीर राज्य बनाना है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेश सरकार को जनता के सहयोग और सहभागिता की आवश्यकता है. प्रदेश के संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल, विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाकर हिमाचल को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है.

चुराह को मिली सौगातों के बीच जनता की उम्मीदें भी बढ़ी

मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान जहां 60 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए गए. वहीं, मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्रवासियों को विकास की नई उम्मीद जगी है. अब इन घोषणाओं को धरातल पर उतारना और तय समय में योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए अहम चुनौती होगी. विशेषकर तीनों स्कूलों में सीबीएसई की सुविधाएं शुरू होने और महिलाओं को घोषित आर्थिक सहायता का लाभ मिलने का इंतजार क्षेत्र की जनता को रहेगा.

मुख्यमंत्री ने चुराह के देहग्रां में बिताई रात

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने एक रात चुराह विधानसभा क्षेत्र के देहग्रां गांव में लोगों के मध्य गुजारी. इस दौरान देहग्रां में पहुxचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया. देहग्रां में जब मुख्यमंत्री को पारंपरिक चुराही ड्रेस भेंट की गई तो उन्होंने उसे फौरन पहन लिया और उसी ड्रेस को पहनकर अपना संबोधन भी दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि, चुराह विधानसभा क्षेत्र के देहग्रां में आप सभी के बीच आकर एक अलग ही उत्साह और ऊर्जा का अनुभव कर रहा हूं. माताओं-बहनों, भाइयों और युवा साथियों का स्नेह इस पल को और भी खास बना रहा है.

वहीं, देहग्रां जाते समय मुख्यमंत्री ने खुशनगरी में बच्चों से मुलाक़ात की. इस दौरान सीएम सुक्खू ने Gen Z और Gen Alpha की इस पीढ़ी से मिलकर उनके सपनों, सोच और आकांक्षाओं को जाना. इसका जिक्र उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी किया है. सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए सीएम ने लिखा है, इन बच्चों की मासूमियत, बेबाकी और आत्मविश्वास देखकर मन प्रफुल्लित है. बच्चों के सपने पूरे हों, उन्होंने यही कामना है.

क्या है 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम का उद्देश्य?

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम के तहत वह देहग्रां पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गांवों के विकास को प्राथमिकता दे रही है. 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों में जाकर लोगों की समस्याओं, भौगोलिक परिस्थितियों को समझना और उनके आधार पर बजट के माध्यम से योजनाओं में आवश्यक बदलाव करना है. सीएम सुक्खू ने कहा कि, कोई व्यक्ति 250 किलोवाट से 1 मेगावाट तक का सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए बैंक से लोन लेता है, तो उस पर ब्याज दर 9 फीसदी है, जिसमें राज्य सरकार की ओर से 5 फीसदी ब्याज सब्सिडी दी जाएगी.

ये भी पढ़ें: राजस्थान को बिजली बेचने से हिमाचल को आगामी चार महीनों में होगी ₹400 करोड़ की आमदनी: CM सुक्खू

ये भी पढ़ें: हिमकेयर का बदलेगा पूरा चेहरा, 10 लाख लोगों के लिए नई बीमा योजना तैयार, अब कार्ड बनवाने पर भी देना होगा प्रीमियम