ETV Bharat / state

बिहार में 15 अक्टूबर से शुरू होंगे खनन काम, 30 से अधिक खनिज ब्लॉक होंगे आवंटित

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा 30 सितंबर तक 30 से अधिक माइनिंग ब्लॉक आवंटित होंगे और 15 अक्टूबर से खनन शुरू होगा. रिपोर्ट-अविनाश कुमार

MINING IN BIHAR
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 18, 2026 at 12:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कोयला एवं खान मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी तथा एनएमईडीटी कार्यक्रम में भाग लेते हुए राज्य में खनन कार्यों को तेज करने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि 44 माइनिंग ब्लॉकों में से 28 में सर्वे का काम आगे बढ़ चुका है.

30 सितंबर तक 30 से अधिक ब्लॉकों का आवंटन: मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 30 सितंबर से पहले 30 से अधिक माइनिंग ब्लॉक आवंटित कर दिए जाएंगे. 15 अक्टूबर से बिहार में खनन कार्य शुरू करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी. राज्य में खनिज ब्लॉकों का विस्तृत अध्ययन पहले ही कराया जा चुका है.

ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण सुनिश्चित: सम्राट चौधरी ने जोर देकर कहा कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासतों का संरक्षण सबकी जिम्मेदारी है. खनन कार्यों से इन विरासतों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा. प्रधानमंत्री के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए यह प्रयास महत्वपूर्ण है.

आधारभूत संरचना के लिए खनिजों का सदुपयोग: आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में पत्थर सहित अन्य खनिज तत्वों की जरूरत होती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता के हित में राज्य के संसाधनों का सदुपयोग किया जाएगा. कई खनिज ब्लॉकों का टेंडर हो चुका है और कई की प्रक्रिया चल रही है. पदाधिकारी इस काम में जुटे हैं और नौ महीने में इसे पूरा कर लिया जाएगा.

जिलों में उपलब्ध बड़े खनिज संसाधन: रोहतास में लाइम स्टोन, औरंगाबाद में मिनरल बेल्ट का बड़ा रिसोर्स है. जहानाबाद तथा जमुई में मैग्नेट के साथ गया, बांका एवं भागलपुर में भी मिनरल्स का विशाल भंडार मौजूद है. इन सभी संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा.

विकास कार्यों में रॉयल्टी का उपयोग: खनिजों से प्राप्त होने वाली रॉयल्टी का इस्तेमाल बिहार की जनता के हित और राज्य के विकास के लिए किया जाएगा. खनिज संपदा का किसी भी स्तर पर दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा. राज्य में खनिज केंद्र स्थापित करने के साथ नवंबर तक पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास किया जाएगा.

"केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से भी इस संबंध में बात हुई है. राज्य सरकार खनन क्षेत्र को मजबूत बनाकर बिहार को समृद्ध बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है."-सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री

ये भी पढ़ें-

बिहार में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल लांच, 30 दिनों में दूर होंगी छात्रों की शिकायतें

CM सम्राट चौधरी ने पहली बार गांधी मैदान में फहराया तिरंगा, 9 बार नीतीश कुमार का लिया नाम, वादों की बौछार