'मरीजों को रेफर करने के कांसेप्ट को हर हाल में समाप्त करना है..' डॉक्टरों को CM सम्राट चौधरी का निर्देश
सम्राट चौधरी ने दरभंगा में डॉक्टरों से बातचीत में कहा कि हमें हर हाल में मरीजों को रेफर करने के कांसेप्ट को समाप्त करना है.

Published : May 14, 2026 at 8:56 PM IST
दरभंगा: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को दरभंगा में एक उच्च स्तरीय समीक्षात्मक बैठक हुई. इस बैठक में दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) के जीर्णोद्धार कार्य तथा निर्माणाधीन एम्स की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.
एयरपोर्ट का प्रस्तुतीकरण: दरभंगा एयरपोर्ट परिसर में आयोजित इस बैठक में विमानपत्तन निदेशक ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से न्यू टर्मिनल बिल्डिंग और रोड कनेक्टिविटी की जानकारी दी. उन्होंने परिसर में यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पावर हाउस और एसी प्लांट की ताजा स्थिति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तार से बताया.

एम्स की कार्य प्रगति: मुख्यमंत्री को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दरभंगा के उप निदेशक रजनीश मिश्रा ने भी निर्माणाधीन एम्स की कार्य प्रगति को लेकर प्रेजेंटेशन दिया. उन्होंने अपने प्रेजेंटेशन के जरिए भू-अर्जन, सिविल वर्क, साइट प्लान और रोड कनेक्टिविटी तथा उसके चौड़ीकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी.
दरभंगा में चल रहे #AIIMS के निर्माण कार्य एवं Darbhanga Medical College and Hospital (DMCH) में जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 14, 2026
निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।… pic.twitter.com/luYXfc4LQR
बुनियादी ढांचे पर चर्चा: उप निदेशक ने एम्स के पास प्रस्तावित रिंग बांध, पेयजल की व्यवस्था और इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन आदि के बुनियादी ढांचे के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने प्रस्तुतीकरण के जरिए डीएमसीएच के जीर्णोद्धार कार्य के हर पहलू को विस्तार से रखा.
डीएमसीएच का पुनर्विकास: स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने बताया कि दरभंगा मेडिकल कॉलेज लहेरियासराय में 250 छात्रों का नामांकन हो रहा है और 1700 बेड के अस्पताल का पुनर्विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इन तीनों परियोजनाओं के संबंध में अपनी-अपनी बातें प्रमुखता से रखीं.
मुख्यमंत्री के कड़े निर्देश: स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बातें सुनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय बनाने के लिए जो मानक निर्धारित हैं, उसको ध्यान में रखें. उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ होने वाली अगली बैठक में इन मानकों पर विस्तारपूर्वक चर्चा अवश्य की जाए.
नाइट लैंडिंग की सुविधा: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दरभंगा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा बिना किसी देरी के यथाशीघ्र शुरू कराने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर दरभंगा एम्स के निर्माण कार्य में तेजी लाएं और यदि किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो उसका त्वरित समाधान करें.

गुणवत्तापूर्ण कार्य के आदेश: मुख्यमंत्री ने डीएमसीएच के पुनर्विकास कार्य में भी तेजी लाकर पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यहां डीएमसीएच का जीर्णोद्धार और एम्स का निर्माण चल रहा है, ऐसी स्थिति में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिले इसका विशेष ख्याल रखें.
रेफर कल्चर की समाप्ति: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के स्वास्थ्य ढांचे को लेकर एक बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा कि बिहार में मरीजों को रेफर करने के कॉन्सेप्ट को हर हाल में समाप्त करना है. उन्होंने अधिकारियों को इस 'रेफर कल्चर' को बंद करने के लिए एक विशेष एसओपी बनाने का निर्देश दिया.
सुपर स्पेशियलिटी पर ध्यान: इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दरभंगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाएं मरीजों को आसानी से मिलें, इस पर विशेष ध्यान दें. इस बैठक में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी और पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ० रामचंद्र प्रसाद उपस्थित रहे.
"दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय बनाने के लिए जो मानक निर्धारित हैं उसको ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार के साथ होनेवाली अगली बैठक में उन मानकों पर विस्तारपूर्वक चर्चा अवश्य करें"- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
इसे भी पढ़ें-
नीतीश का CM सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ.. 20 मिनट की मुलाकात.. देखें तस्वीरें
बिहार विजिलेंस कैडर समाप्त, अब सीधे CMO की रडार पर होंगे भ्रष्ट अधिकारी
बिहार के नए 'चौधरी' पर एनडीए ने भरोसा जताकर बनाया 'सम्राट', इस अंदाज में दी जाने लगी बधाई

