सीएम सैनी ने तख्त श्री हजूर साहिब के लिए स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंड़ी, सिरसा से 400 श्रद्धालु रवाना
मुख्यमंत्री नायब सैनी सिरसा से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. विपक्ष पर निशाना साधा.

Published : May 15, 2026 at 8:52 PM IST
सिरसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ महाराष्ट्र के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना हरियाणा के तहत निशुल्क रेल यात्रा को किया रवाना किया गया. सिरसा से तकरीबन 400 श्रद्धालु इस ट्रेन में रवाना हुए. इसे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ट्रेन में श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत की.
तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना: मुख्यमंत्री ने कहा कि "इससे पहले भी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना हरियाणा के तहत 2 स्पेशल ट्रेनों को रवाना किया जा चुका है. 8 जून को कुरुक्षेत्र से सोमनाथ के लिए एक और निशुल्क ट्रेन रवाना की जाएगी. इस योजना के तहत जो लोग धार्मिक यात्राओं पर जाना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक कारणों के चलते नहीं जा सकते. उनके लिए हरियाणा सरकार ने ये योजना चलाई है."
सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करना लक्ष्य: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ये "हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि गुरुओं द्वारा दी गई संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं को पवित्र स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं. सरकार का उद्देश्य लोगों को धार्मिक स्थलों से जोड़ना और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करना है."
ईंधन बचत पर दी प्रतिक्रिया: मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि "मिडल ईस्ट की स्थिति काफी गंभीर है और इसका प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. सरकार की ओर से एसओपी जारी की गई है और ईंधन की बचत के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं. मैंने खुद अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम की है और अधिकारियों को भी वाहनों का सीमित उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं. फिजिकल बैठकों की जगह वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा देने की बात कही गई है. कोरोना महामारी की तरह यह भी एक वैश्विक संकट है. जिससे निपटने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा."
कुलदीप बिश्नोई की नाराजगी पर जानें क्या कहा: कुलदीप बिश्नोई की नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वो नाराज नहीं हैं. उन्होंने भजन लाल के योगदान को याद करते हुए कहा कि चौधरी भजन लाल ने हरियाणा के विकास में अहम भूमिका निभाई थी और वो एक सम्मानित नेता थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सोच और विकास के रास्ते को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है.
आम आदमी पार्टी पर निशाना: इसके अलावा मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि "रंगला पंजाब का वादा करने वालों ने पंजाब को नशे और भ्रष्टाचार की दलदल में धकेल दिया. पंजाब की जनता ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार के कारण सत्ता से बाहर कर आम आदमी पार्टी को मौका दिया था, लेकिन लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं हुए. बड़े-बड़े विज्ञापनों और दावों के बावजूद पंजाब को विकास की बजाय घोटालों और भ्रष्टाचार की ओर धकेला गया."
ये भी पढ़ें- बीजेपी विधायक ने रोडवेज बस और ऑटो में किया सफर, हरियाणावासियों से की ईंधन बचाने की अपील

