सुशासन तिहार पर बारिश की मार, बस्तर में नहीं उतरा सीएम साय का हेलिकॉप्टर
बारिश की वजह से सीएम साय का बस्तर दौरा रद्द हो गया है. जिसके बाद चित्रकोट विधायक ने कार्यक्रम संभाला

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 2, 2026 at 9:30 PM IST
बस्तर: छत्तीसगढ़ में जोर शोर से सुशासन तिहार मनाया जा रहा है. सीएम विष्णुदेव साय सुशासन तिहार के लिए बस्तर के दौरे पर थे. सीएम साय ने सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा का दौरा किया. उसके बाद वे बस्तर के दौरे पर थे. यहां छापरभानपुरी में उनकी सभा होनी थी. इस बीच बारिश और आंधी तूफान की वजह से सीएम बस्तर नहीं पहुंच पाए और उनका दौरा रद्द हो गया.
बारिश की वजह से सीएम का दौरा रद्द
तेज बारिश के चलते मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कार्यक्रम स्थल पर नहीं उतरा और सीधे मुख्यमंत्री कांकेर जिले के लिए रवाना हुए. जिसके चलते स्थानीय चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई. उन्होंने हितग्राहियों को विभिन्न सामग्रियां और चेक का वितरण किया. छापर भानपुरी के जलनी गुड़ी परिसर में जन समस्या निराकरण शिविर का आयोजन किया गया.आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों की उपस्थिति रही.
छापर भानपुरी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री बारिश की वजह से नहीं आ पाए. सुबह 10 बजे से स्थानीय नागरिक, अधिकारी कर्मचारी जन चौपाल लगाकर मुख्यमंत्री का इंतज़ार करते रहे. बीते ढाई साल के अंदर अंतिम व्यक्ति तक कौन कौन सी सुविधाएं पहुंची. उसकी जानकारी ली जा रही है. महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान निधि योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण राशि जैसे अनेक योजना शामिल है- विनायक गोयल, चित्रकोट विधायक

चित्रकोट का हो रहा तेजी से विकास
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि चित्रकोट विधानसभा में 112 किलोमीटर की 38 सड़कों की स्वीकृति हुई है. साथ ही इंद्रावती नदी में करीब 2 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बैराज की भी स्वीकृति हुई है. बैराज बनने से आगामी दिनों में किसानों को सिंचाई के लिए काफी मदद मिलेगी. लोगों को 32 हजार हेक्टेयर में पानी मिलेगा. जिससे बस्तर के किसान डबल फसल की खेती कर सकेंगे.


