ETV Bharat / state

अब 2.5 घंटे में दिल्ली से 'देवभूमि' के दर्शन, CM रेखा गुप्ता और LG संधू ने बताया दिल्ली के लिए 'गेमचेंजर'

इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़ीं. वहीं उपराज्यपाल ने कहा कि यह कॉरिडोर ईज ऑफ लिविंग' सुनिश्चित करेगा.

दिल्ली सीएम व एलजी ने इकोनॉमिक कॉरिडोर को बताया गेमचेंजर
दिल्ली सीएम व एलजी ने इकोनॉमिक कॉरिडोर को बताया गेमचेंजर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : April 14, 2026 at 7:56 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर राजधानी दिल्ली को विकास का एक बड़ा 'एक्सप्रेस' तोहफा मिला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 11,868 करोड़ रुपये की लागत से बने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया. इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने इस प्रोजेक्ट को दिल्ली की रफ्तार और कनेक्टिविटी के लिए एक नया मील का पत्थर करार दिया.

6 घंटे का सफर अब सिर्फ 150 मिनट में: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़ते हुए प्रधानमंत्री का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह महज एक सड़क नहीं, बल्कि दिल्ली की आधुनिकता और देवभूमि की आध्यात्मिकता के बीच का सेतु है. मुख्यमंत्री ने बताया, 'जो सफर पहले 6 से 7 घंटे की थकान भरा होता था, अब वह मात्र 2 से 2.5 घंटे में सिमट जाएगा. अक्षरधाम, गीता कॉलोनी और शास्त्री पार्क जैसे व्यस्त इलाकों से सीधे सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिलने से पूर्वी दिल्ली के लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी.'

ईज ऑफ लिविंग' का नया अध्याय: दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने इस प्रोजेक्ट को पीएम मोदी के विजन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के 'डायनेमिक एग्जीक्यूशन' की जीत बताया. उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे नेशनल कैपिटल रीजन में रहने वाले लाखों लोगों के लिए 'ईज ऑफ लिविंग' सुनिश्चित करेगा. उन्होंने विशेष रूप से एशिया के सबसे बड़े एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि यह विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन का दुनिया के सामने एक बेहतरीन उदाहरण है.

दिल्ली में चल रहे हैं 1.25 लाख करोड़ के काम: सीएम रेखा गुप्ता ने 'डबल इंजन' सरकार का जिक्र करते हुए दिल्ली की जनता को आश्वस्त किया कि केंद्र और राज्य के तालमेल से विकास की गति अब रुकने वाली नहीं है. उन्होंने कहा दिल्ली में परिवहन मंत्रालय के तहत करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं. मुनक नहर पर 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एलिवेटेड रोड से ट्रैफिक की समस्या जड़ से खत्म होगी. सड़कों के बेहतर रखरखाव के लिए कई प्रमुख मार्ग NHAI को सौंपे गए हैं.

जाम से मुक्ति और आर्थिक क्रांति की उम्मीद: एक्सप्रेसवे शुरू होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी. जानकारों का मानना है कि इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली की आंतरिक सड़कों पर दबाव कम होगा और प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट आने की उम्मीद है. सीएम ने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह कॉरिडोर दिल्ली के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.

केजरीवाल पर कसा तंज: उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट में आबकारी नीति से संबंधित मामले में अपनी पैरवी करने पहुंचे अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा आजकल दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल साहब वकील हो गए हैं. अदालत में जाकर अपनी सफाई पेश करते हैं. वो व्यक्ति जिसने हमेशा लोकतंत्र की अवहेलना की. चाहे वो सीबीआई हो, ईडी हो, चुनाव आयोग हो, चाहे प्रधानमंत्री हों, उपराज्यपाल हों, या न्यायपालिका हो.

देश को न्यायपालिका में विश्वास: सीएम रेखा गुप्ता ने बोला, मैं पूछना चाहती हूं जब आपके फेवर में कोई चीज आ गई, तो आपने ताज पहन लिया और कहा कि इससे बढ़िया तो कोई व्यक्ति हो नहीं सकता. आज आपको कौन सा डर सता रहा है कि आपने न्यायपालिका की ओर उंगली उठानी शुरू कर दी? दिल्ली की जनता, देश की जनता उनका यह दुर्व्यवहार देख रही है. पूरे देश को न्यायपालिका में विश्वास है, और न्याय होकर रहेगा. वो जनता के गुनहगार हैं, और जनता भी न्याय करके रहेगी.

यह भी पढ़ें-

अंबेडकर जयंती पर CM रेखा ने शालीमार बाग को दी बड़ी सौगात, 7 जगहों पर वॉटर एटीएम शुरू

दिल्ली में प्लास्टिक कचरे से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए डीआरएस लागू करने की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश