लोहाघाट में होली के रंग में रंगे सीएम धामी, निर्माणाधीन बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का किया निरीक्षण
लोहाघाट में होली महोत्सव में होलियारों संग झूमे सीएम धामी, कांग्रेसियों ने सीएम धामी का किया विरोध, पुलिस से हुई धक्का मुक्की

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 27, 2026 at 10:01 PM IST
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर चंपावत के लोहाघाट पहुंचे. लोहाघाट पहुंचकर उन्होंने करीब 256 करोड़ की लागत से बन रहे प्रदेश के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण संबंधी जानकारी ली. साथ ही निर्माण कार्य को गुणवत्ता पूर्वक और समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए.
होलियारों संग झूमे सीएम धामी: सीएम धामी ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय पर महिला खिलाड़ी इस कॉलेज से निकल राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी. इसके बाद सीएम धामी लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित होली मिलन समारोह में पहुंचे. जहां उन्होंने कुमाऊं की प्रसिद्ध खड़ी होली में शामिल होकर होलियारों के संग नृत्य किया. कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए सीएम धामी ने होली समिति की प्रशंसा भी की.
बता दें कि सीएम धामी मां पूर्णागिरी धाम मेले का शुभारंभ भी किया था. इस दौरान मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को विस्तार से जनता के सामने रखा.. पार्किंग, पेयजल और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित शारदा कॉरिडोर पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है. पहले चरण में 179 करोड़ रुपए की लागत से कार्यों की शुरुआत की गई है.

सीएम धामी का कांग्रेसियों ने किया जोरदार विरोध: वहीं, चंपावत दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया. लोहाघाट में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सीएम धामी के खिलाफ नारे लगाए. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में जोरदार गुत्थम गुत्था भी देखने को मिली.
यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बेटियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ने का सशक्त अवसर मिलेगा। इस अवसर पर माननीय केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री @AjayTamtaBJP… pic.twitter.com/hBDOXR2LUO
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 27, 2026
पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल समेत तमाम प्रदर्शनकारियों को हिरासत में चंपावत पुलिस लाइन पहुंचा दिया. इस दौरान पुलिस के साथ धक्का मुक्की के चलते कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के हाथ में हल्की चोटें भी आई. वहीं, आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की.

दरअसल, सीएम धामी के लोहाघाट दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री का विरोध शुरू कर दिया. कांग्रेस कार्यालय लोहाघाट से नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री की जनसभा रामलीला मैदान कूच कर दिया. स्टेशन बाजार पहुंचते ही लोहाघाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री की जनसभा में जाने की जिद पर अड़ गए.
लोहाघाट (चंपावत) में खड़ी होली के पावन अवसर पर विशाल संख्या में उपस्थित मातृशक्ति, वरिष्ठजनों, युवाओं और बच्चों का उत्साह व उमंग देखकर हृदय अभिभूत हो गया। आप सभी से मिले असीम स्नेह, अनंत प्रेम और समर्थन के लिए हृदय से आभार। pic.twitter.com/dUBkuIXYQJ
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 27, 2026
स्टेशन बाजार में भारी हंगामा: इस दौरान पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हो गई. कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाते रहे. कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन चंपावत भेजा. इस दौरान स्टेशन बाजार में भारी हंगामा देखने को मिला.

पुलिस को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को काबू करने में काफी पसीना बहाना पड़ा. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस वाहन के शीशे तोड़ डाले. झड़प में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हल्की-फुल्की चोटे आई हैं. वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हिरासत में लेने के बाद पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली.
ये भी पढ़ें-

