ETV Bharat / state

टनकपुर में खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ, खटीमा को भी सीएम धामी की बड़ी सौगात

सीएम धामी ने टनकपुर में खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ किया. जबकि, खटीमा में सिटी पार्क का लोकार्पण किया.

KHATIMA CITY PARK
खटीमा में सिटी पार्क के उद्धाटन मौके पर सीएम धामी (फोटो सोर्स- X@pushkardhami)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : September 1, 2026 at 4:05 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

खटीमा/चंपावत: टनकपुर में आयोजित खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने शिरकत की. इससे पहले उन्होंने खटीमा गोलीकांड की बरसी पर शहीद स्मारक (खटीमा) पहुंचकर उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अपना अमूल्य योगदान देने वाले शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी. साथ ही खटीमा में सिटी पार्क (ऑक्सीजन पार्क) का लोकार्पण किया. वहीं, खटीमा में स्टेडियम एवं सर्किट हाउस के निर्माण की भी घोषणा की.

29 खिलाड़ियों को दी जा चुकी नौकरी: टनकपुर के स्व. कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ करते हुए सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि सरकार लगातार प्रदेश में खेल संस्कृति को नई दिशा दे रही है. नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेडल विजेताओं को 'आउट ऑफ टर्न' नौकरी दी जा रही है. इसके तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को नौकरियां दी जा चुकी हैं.

खटीमा में ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण (वीडियो- ETV Bharat)

खिलाड़ियों के खाते में डाली जाएगी 11 करोड़ की पुरस्कार राशि: इसके अलावा सीएम धामी ने कहा कि सरकार ने सुनिश्चित किया है कि खिलाड़ियों को उनकी मेहनत का सम्मान समय पर मिलना चाहिए. इस साल 11 करोड़ की पुरस्कार राशि डीबीटी के जरिए खिलाड़ियों के खाते में भेजी जाएगी. साथ ही कहा कि इस साल के खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों की संख्या पिछले साल से ज्यादा होगी. प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों की सभी न्याय पंचायतों में इसका आयोजन किया जा रहा है.

सीएम धामी ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. इस दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, निष्पक्षता और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की शपथ ली. सीएम धामी ने कहा कि गांव की मिट्टी में छिपी प्रतिभाओं को न्याय पंचायत स्तर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है.

न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होगी प्रतियोगिता: खेल महाकुंभ के तहत 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी और 10 से 30 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन होगा.

प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के बालक-बालिकाओं के साथ महिला ओपन एवं दिव्यांगजन महिला-पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों को भी प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा. सीएम धामी ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं. खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का साहस पैदा करते हैं.

उन्होंने बताया कि साल 2017 में शुरू हुआ खेल महाकुंभ अब अपने दसवें संस्करण में पहुंच चुका है. पिछले साल 2.20 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने इसमें प्रतिभाग किया था. सरकार का प्रयास है कि इस साल इससे भी ज्यादा बच्चे और युवा खेल महाकुंभ से जुड़ें.

बचपन से तैयार होंगे चैंपियन: सीएम धामी ने कहा कि चैंपियन की तैयारी बचपन से ही शुरू होती है. मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष के बच्चों को मासिक छात्रवृत्ति दी जा रही है. वहीं, 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के माध्यम से छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता भी दी जा रही है.

आधुनिक खेल ढांचे पर सरकार का फोकस: सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का मजबूत ढांचा तैयार किया जा रहा है. हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया है. वहीं, खटीमा में आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त स्टेडियम के निर्माण की घोषणा भी की गई है.

'खेल महाकुंभ' बनेगा उत्तराखंड की नई पहचान: उन्होंने 'एक जनपद-एक खेल' के माध्यम से प्रत्येक जिले की अपनी विशिष्ट खेल पहचान विकसित करने पर भी जोर दिया. साथ ही खिलाड़ियों से पूरी ताकत, लगन, अनुशासन और निष्ठा के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया. उन्होंने विश्वास जताया कि खेल महाकुंभ 2026 उत्तराखंड के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और प्रदेश की प्रतिभाएं देश-दुनिया में उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी.

KHATIMA CITY PARK
ओपन जिम में कसरत करते सीएम धामी और सांसद अजय भट्ट (फोटो सोर्स- X@ukcmo)

खटीमा में ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण: वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा की जनता को विकास और स्वास्थ्य से जुड़ी बड़ी सौगात दी है. पीलीभीत रोड स्थित नवनिर्मित सिटी पार्क यानी ऑक्सीजन पार्क का सीएम धामी ने लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया. तराई पूर्वी वन प्रभाग की ओर से निर्मित इस विशाल पार्क को सीएम धामी की पहल से विकसित किया गया है.

इस मौके पर सीएम धामी ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया. वहीं, उन्होंने खटीमा में स्टेडियम और सर्किट हाउस बनाने के साथ ही सिटी पार्क के विस्तारीकरण की भी घोषणा की. मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से खटीमा के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.

लोकार्पण कार्यक्रम में सीएम धामी ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार की तरह है. उन्होंने खटीमा के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. खटीमा के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर तैयार की गई ऑक्सीजन पार्क को उन्होंने सौगात बताया.

CM Pushkar Dhami Inaugurated of Khel Mahakumbh
खटीमा में सिटी पार्क का लोकार्पण (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

आधुनिक सुविधाओं से लैस है ऑक्सीजन पार्क: इस पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, चिल्ड्रन पार्क, ध्यान केंद्र समेत कई सुविधाएं से सुसज्जित किया गया है. सीएम धामी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क खटीमा वासियों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही बेहतर जनसुविधाओं का माध्यम बनेगा.

ये भी पढ़ें-