ETV Bharat / state

होली गीतों पर जमकर थिरके सीएम धामी, ढोलक और चिमटा भी बजाया, ईटीवी भारत से की खास बातचीत

लोकगीतों की धुनों के बीच सीएम आवास में निखरे होली के रंग, ईटीवी भारत पर बोले सीएम धामी- पटल पर छा रही पौराणिक सांस्कृतिक पहचान

CM DHAMI CELEBRATE HOLI
ईटीवी भारत से सीएम धामी की बातचीत (फोटो- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 2, 2026 at 4:01 PM IST

|

Updated : March 2, 2026 at 5:16 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहित कुमार सोनी

देहरादून: देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी रंगों का पर्व होली की धूम है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. गढ़वाली और कुमाऊंनी होली का रंग देखने को मिला. इतना ही नहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होली की गीतों पर झूमते नजर आए. साथ ही ढोलक और चिमटा बजाते भी दिखे.

होली मिलन कार्यक्रम में जुटे गढ़वाल-कुमाऊं से लेकर जौनसार तक के कलाकार: प्रदेश भर से आए लोक कलाकारों और होल्यारों ने अपनी-अपनी धुनों से सीएम आवास के माहौल को उत्सवमयी कर दिया. इस दौरान एक तरफ हारुल नृत्य करते जौनसारी कलाकार थे तो दूसरी तरफ अपनी ही धुन में मग्न होली गीत गाते कुमांऊंनी होल्यारों की टीम.

ईटीवी भारत से सीएम धामी की एक्सक्लूसिव बातचीत (वीडियो- ETV Bharat)

सांस्कृतिक समृद्धि और एकता का दिखा समागम: इन सबके बीच पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र से आई सांस्कृतिक टोली ने भी खूब रंग जमाया. जिससे मुख्यमंत्री आवास का प्रांगण होली के गीतों और रंगों से सराबोर नजर आया. इस दौरान सांस्कृतिक समृद्धि और एकता का समागम भी देखने को मिला.

जहां कुमाऊं के कलाकारों ने 'आओ दगड़ियो, नाचो गाओ, ए गे रंगीली होली...' का आह्वान किया तो राठ क्षेत्र के कलाकारों ने 'आई डान्ड्यू बसंत, डाली मा मौल्यार...' गाकर समा बांध दिया. इस दौरान जो भी वहां पर मौजूद था, वो लोक संस्कृति के रंग में रम गया.

CM Dhami Holi Celebrate
सीएम धामी ने बजाया ढोलक (फोटो- ETV Bharat)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी लोक कलाकारों के संग होली के रंगों में पूरी तरह से रंगे नजर आए. वे खुद लोक कलाकारों के साथ थिरकते दिखे. वहीं, लोक कलाकारों का कहना था कि लोक संस्कृति पर सीएम धामी अच्छा काम कर रहे हैं, जिससे लोक संस्कृति को बढ़ावा तो कलाकारों को संरक्षण मिल रहा है.

ईटीवी भारत पर कही ये बात: वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईटीवी भारत से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि होली का पावन पर्व हम सभी को एक दूसरे से प्रेम स्नेह और भाईचारे के साथ मिलकर रहने का एक संदेश देता है. ये पर्व हमारे पूर्वजों की विरासत और सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाते हैं.

CM Dhami Holi Celebrate
चिमटा पर सीएम धामी ने आजमाया हाथ (फोटो- ETV Bharat)

ये पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़े, इसलिए इस तरह के आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं. यही वजह है कि प्रदेश भर में होली पर के अवसर पर तमाम कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. होली पर्व पर राज्यभर में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए कलाकार पौराणिक सांस्कृतिक पहचान एवं संस्कृति है, वो फिर से पटल पर छा रही है, फिर से हमारी पौराणिक संस्कृति लोगों के सामने आ रही है.

सीएम धामी ने आगे कहा कि हमारी ये पहचान अक्षुण्ण रहे, इसके लिए हमारे नौजवान युवा काम कर रहे हैं. होली मिलन समारोह कार्यक्रम में पैठाणी क्षेत्र से युवाओं का दल आया है, जो देश के तमाम स्थानों पर जा चुका है और आज यहां पर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं.

CM Dhami Holi Celebrate
ईटीवी भारत पर सीएम धामी ने दी होली की शुभकामनाएं (फोटो- ETV Bharat)

ये युवा पिछले बार की तरह इस बार भी होली मिलन समारोह में शामिल हुए हैं. प्रदेश की बेटियां मातृशक्ति के जीवन में जो तमाम तरह की चुनौतियां और कठिनाइयां हैं, लंबे समय से लोगों ने जिन अभावों का सामना किया है, उनको गानों के माध्यम से इन युवाओं ने पेश किया है.

ये भी पढ़ें-

Last Updated : March 2, 2026 at 5:16 PM IST