ETV Bharat / state

नूंह को सीएम ने दी 175 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 100 बेड अस्पताल की रखी नींव, शिक्षा और स्वास्थ्य पर सरकार का फोकस

सीएम नायब सैनी ने नूंह में 100 बेड अस्पताल समेत करोड़ों की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया. साथ ही शिक्षकों से संवाद किया.

CM Nayab Singh Saini Visits Nuh
नूंह को सीएम सैनी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 29, 2026 at 3:28 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंह: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को नूंह दौरे पर पहुंचे. मुख्यमंत्री अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया. इस दौरान उनके साथ शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह समेत कई विधायक, पूर्व विधायक और अन्य नेता मौजूद रहे.

155 करोड़ से बनेगा 100 बेड का जिला अस्पताल: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नूंह में 155.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बेड के जिला सामान्य अस्पताल की आधारशिला रखी. आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस प्रस्तावित अस्पताल के बनने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है. अस्पताल को नूंह की स्वास्थ्य व्यवस्था के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

स्वास्थ्य विभाग की 163 करोड़ की परियोजनाओं पर काम: कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की करीब 163 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया. इनमें पुन्हाना में बीपीएचयू भवन और मांडीखेड़ा नागरिक अस्पताल में टीबी कार्यालय भवन का उद्घाटन शामिल है. वहीं, पढ़ेनी और पिनगवां में बीपीएचयू भवनों का निर्माण भी शुरू किया जाएगा. सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच मजबूत होगी. इससे लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही कई स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

नूंह को सीएम ने दी 175 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात (ETV Bharat)

मेवात विकास अभिकरण की योजनाओं को भी हरी झंडी: जिले में मेवात विकास अभिकरण की 11.18 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी शुरू हुई. इनमें नूंह में सार्वजनिक पार्क, पिनगवां खेल स्टेडियम का नवीनीकरण, 100 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र, सरकारी स्कूलों में बालिका शौचालय और सोलर पावर प्लांट जैसी योजनाएं शामिल हैं.

16 सरकारी स्कूलों में बनेंगे खेल मैदान:सरकार की ओर से जिले के 16 सरकारी स्कूलों में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री मेवात गरीब मेधावी छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना के तहत विद्यार्थियों को करीब 92 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की जाएगी. इससे आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी.

1100 नवनियुक्त JBT शिक्षकों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद: मुख्यमंत्री ने अनाज मंडी में नवनियुक्त जेबीटी शिक्षकों से संवाद भी किया. उन्होंने कहा कि, "आज तकरीबन 1100 जेबीटी शिक्षक अपना पदभार ग्रहण करने जा रहे हैं. आपके सामने इस इलाके में चुनौतियां हो सकती हैं, लेकिन उन चुनौतियों से पार पाते हुए बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में आपको अपना अमूल योगदान देना है. हरियाणा में नौकरियों में बिना पर्ची-बिना खर्ची के काम किया जा रहा है.नूंह के साकरस गांव में एक ही परिवार के तीन भाई एक साथ नौकरी पाने में कामयाब हुए हैं. "

पंजाब की भर्ती का उदाहरण देकर साधा निशाना: मुख्यमंत्री ने पंजाब का उदाहरण देते हुए वहां हुई इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की भर्ती पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां भर्ती में नियमों को ताक पर रखा गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि, "हरियाणा में सरकार पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है. पूरे प्रदेश में 250 से अधिक स्कूल भवनों की कंडम बिल्डिंग की पहचान कर ली गई है. इन्हें बनाने के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है. इन भवनों के निर्माण पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च होंगे और नए भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे."

मेवात में 1400 से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती: वहीं, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि, "मेवात क्षेत्र में 1400 से अधिक अध्यापकों की भर्ती की गई है. इन अध्यापकों की नियुक्ति के बाद मेवात के स्कूलों में काफी हद तक अध्यापकों की पूर्ति होगी. सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर पूरा ध्यान दे रही है और आने वाले समय में स्कूलों में स्टाफ की कमी को दूर करने का प्रयास किया जाएगा."

मोहम्मद इलियास पहली बार सीएम के साथ मंच पर: कार्यक्रम में राजनीतिक तौर पर भी तस्वीर खास रही. कांग्रेस छोड़कर भाजपा के करीब जाते नजर आ रहे विधायक मोहम्मद इलियास पहली बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मंच साझा करते दिखाई दिए. इसके अलावा हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल भी मंच पर मौजूद रहे. दोनों नेताओं की मौजूदगी कार्यक्रम में चर्चा का विषय रही.

शिक्षा मंत्री और कई विधायक मंच पर रहे मौजूद: कार्यक्रम में विधायक मोहम्मद इलियास, विधायक मोहम्मद इसराइल, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व मंत्री संजय सिंह, पूर्व विधायक चौधरी जाकिर हुसैन, पूर्व विधायक नसीम अहमद और पूर्व विधायक दीपक मंगला भी मौजूद रहे. वहीं, गुरुग्राम लोकसभा सांसद राव इंद्रजीत सिंह निमंत्रण के बावजूद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में जबरन वसूली के मामलों में 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी, सीएम नायब सैनी ने सदन में दी जानकारी