हरियाणा के 602 गौशालाओं को 68.34 करोड़ रुपये की सौगात, सीएम नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में की घोषणा
सीएम नायब सिंह सैनी ने सोनीपत दौरे के दौरान राज्य के गौशालाओं के लिए 68.34 करोड़ रुपये की सौगात देने की घोषणा की.

Published : March 3, 2026 at 6:26 PM IST
सोनीपतः जिले के गांव भटगांव में मंगलवार को राज्य स्तरीय गौशाला चारा अनुदान वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोशालाओं को बड़ी सौगात दी. यहां उन्होंने 602 गौशालाओं को 68.34 करोड़ रुपये की सौगात की घोषणा की. समारोह में प्रदेश अध्य्क्ष मोहनलाल बडोली, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, मंत्री अरविंद शर्मा सहित कई अन्य मंत्री और विधायक पहुंचे थे.
बजट में हर वर्ग का रखा गया है ध्यानः कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि "प्रदेश के हितों में राज्य का बजट पेश किया गया है. हर वर्ग को ध्यान में रखकर बजट पेश किया गया है. बजट से छोटे-बड़े सभी प्रकार के लोगों को फायदा होगा. विकसित भारत संकल्प को देखते हुए बजट पेश किया गया है."
'अब तो कांग्रेस ही दिखाई नहीं दे रही है': इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि "कांग्रेस को बजट में कुछ दिखाई नहीं दे रहा है. बल्कि अब तो कांग्रेस ही दिखाई नहीं दे रही है. कांग्रेस पूरी तरह से खत्म हो चुकी है." वहीं विपक्ष की ओर से राज्य में अपराध बढ़ने के सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि "कांग्रेस के समय अपराध और अपराधी बड़े थे. उस समय तो मुकदमा भी दर्ज नहीं होता है, लेकिन अब मामला दर्ज होने के साथ-साथ कार्रवाई भी होती है." उन्होंने युद्ध में विदेशों में फंसे हरयाणवी लोगों के सवाल पर कहा कि "हमारे अधिकारी और केंद्र सरकार लगातार नजर बनाए हुए है. जल्द ही सभी को सुरक्षित भारत वापास लाया जाएगा."

