हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का CM ने किया शुभारंभ, बोले - "विकसित भारत 2047 का ग्रोथ इंजन बनेगा हरियाणा"
हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का CM नायब सैनी ने शुभारंभ किया और कहा कि हरियाणा विकसित भारत 2047 का ग्रोथ इंजन बनेगा.

Published : January 6, 2026 at 10:41 PM IST
गुरुग्राम : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का शुभारंभ करते हुए कहा कि हरियाणा विकसित भारत-2047 का ग्रोथ इंजन साबित होगा. हरियाणा का योगदान देश हित में उपयोगी रहे, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है. व्यापक परामर्श, गहन अध्य्यन और विशेषज्ञों की सहभागिता से हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047 बनाया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में हरियाणा विजन-2047 के मद्देनजर आयोजित बजट पूर्व कार्यशाला में अपने विचार रख रहे थे.
प्री बजट कंसल्टेशन : मुख्यमंत्री ने हरियाणा विज़न 2047 रोडमैप के ध्येय के साथ वित्त वर्ष 2026- 27 के लिए इंडस्ट्री, हेल्थ, आईटी और एजुकेशन सेक्टर से संबंधित हितधारकों के साथ आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक (प्री बजट कंसल्टेशन) में हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में उद्योग जगत एवं मैन्यूफैक्चरिंग इकाइयों से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने आगामी बजट के लिए अपने सुझाव रखे. बैठक में प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
हरियाणा विकसित भारत-2047 का ग्रोथ इंजन साबित होगा।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) January 6, 2026
हरियाणा का योगदान देश हित में उपयोगी रहे, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। व्यापक परामर्श, गहन अध्ययन व विशेषज्ञों की सहभागिता से हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047 बनाया गया है। pic.twitter.com/aFcdHqiKpG
परिवर्तन अब नजर आ रहा : मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 साल में बड़ा परिवर्तन नजर आया है. सकारात्मक बदलाव के साथ सर्वांगीण विकास की दिशा में सरकार कदम बढ़ा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर का गठन किया है जो उभरते हुए वैश्विक परिवर्तन में कारगर रहेगा.
विकास का तैयार हुआ रोडमैप : मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय योजनाओं को स्पष्ट विजन से जोड़ना होगा और गतिविधियों से अधिक परिणाम पर ध्यान देना होगा. नागरिकों के जीवन में सार्थक सुधार लाना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि इसी सार्थक सोच के परिणामस्वरूप हरियाणा सरकार 6 स्तंभों पर केंद्रित होकर विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में सहभागिता निभाएगी. उन्होंने बताया कि हरियाणा विज़न डॉक्यूमेंट–2047 को 6 रणनीतिक थीम पर आधारित कर तैयार किया गया है. इनमें वित्त एवं सुरक्षा, शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार क्षमता, स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि, खाद्य सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण, बुनियादी ढांचा विकास और क्षेत्रीय विकास एवं स्थानीय स्वशासन पर आधारित परियोजना को मूर्त रूप दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2026–27 का बजट भी इन सभी थीमों के साथ पूरी तरह सामंजस्यपूर्ण रहेगा.
अधिकारियों ने दी थीम आधारित प्रेजेंटेशन : हरियाणा विज़न 2047 रोडमैप के अंतर्गत आयोजित प्री-बजट मंथन कार्यशाला में राज्य को वर्ष 2047 तक विकसित, समावेशी एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विभिन्न थीम स्पॉटलाइट्स पर गहन विचार-विमर्श किया गया और अधिकारियों ने इस दौरान थीम आधारित प्रेजेंटेशन भी दी.

हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का शुभारंभ : मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एआई आधारित हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का शुभारंभ किया. इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को राज्य के बजट निर्माण प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से सहभागी बनने का अवसर मिलेगा. पोर्टल पर हरियाणवी, हिंदी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में अपने सुझाव दिए जा सकते हैं, जिससे समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि ये प्लेटफॉर्म हमारी पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता और सहभागी शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है. इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक, विशेषज्ञ और हितधारक सीधे सरकार से जुड़ सकेंगे, अपने व्यावहारिक सुझाव साझा कर सकेंगे और बजट निर्माण की प्रक्रिया को अधिक खुला, निरंतर और संवाद से परिपूर्ण बना सकेंगे.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - हरियाणा में अब इन महिलाओं को भी सरकार देगी 2100 रुपए, 3 जगहों को मिला नगरपालिका का दर्जा, कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों की बल्ले-बल्ले
ये भी पढ़ें - हांसी बना हरियाणा का 23वां जिला, सीएम नायब सिंह सैनी ने की घोषणा
ये भी पढ़ें - हरियाणा CM ने 3 इंजीनियरों को कर डाला सस्पेंड, अंबाला में कॉलेज बनाने में गड़बड़ी की थी

