ETV Bharat / state

बेटियों की शादी करनी है तो अब नो टेंशन, हरियाणा सरकार करेगी पूरी मदद, फौरन करें अप्लाई

हरियाणा में बेटियों के विवाह के लिए सरकार मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत आर्थिक मदद दे रही है. जानें कैसे करें आवेदन.

Haryana CM Marriage Shagun Scheme
मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 17, 2026 at 5:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरसाः हरियाणा सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, इस योजना का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों में बेटियों के विवाह को लेकर परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है. इस योजना का लाभ उन गरीब पात्र परिवारों को मिल रहा है जो अपनी बेटी के विवाह के दौरान खर्च उठाने में असमर्थ हैं.

विवाह निबंधन के बाद स्वतः मिलेगा योजना का लाभः जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि "योजना के अंतर्गत वे परिवार पात्र माने गए हैं जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है. योजना के तहत अब तक जिले के 2887 लाभपात्रों जोड़ों के खाते में 18 करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है. योजना के अनुसार कन्या के विवाह के बाद छह माह के भीतर आधिकारिक पोर्टल www.shaadi.edisha.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है. निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने पर ही लाभ राशि सीधे लाभार्थी को प्रदान की जाती है. इसके अलावा विवाह के लिए रजिस्ट्रेशन करते ही योजना के लिए रजिस्ट्रेशन हो जायेगा. इसकी जानकारी सीधे समाज कल्याण विभाग के पास आयेगी. सत्यापन के बाद लाभुक को सीधे राशि उनके खाते में भेज दी जायेगी."

बेटियों की शादी करना है तो नो टेंशन (Etv Bharat)

अलग-अलग वर्ग के लिए राशि अलग-अलगः सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अनुसूचित जाति विमुक्त जाति वर्ग के लाभार्थियों को 71000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है. वहीं सभी वर्गों की विधवा बेसहारा महिला या अनाथ बेटियों को 51000 रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान है. सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों को 41000 रुपये की राशि दी जाती है. दिव्यांगजनों के लिए भी इस योजना में विशेष प्रावधान किए गए हैं. यदि विवाह करने वाले दंपती दोनों दिव्यांग हों तो उन्हें 51000 रुपये की सहायता दी जाती है. जबकि दंपती में से केवल एक के दिव्यांग होने की स्थिति में 41000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है. इसके अलावा महिला खिलाड़ियों को भी 41000 रुपये की सहायता दी जाती है.

लाभुकों ने जताया सरकार का आभारः इस योजना का लाभ ले चुके लाभपात्रों ने बताया कि "उन्हें अपनी बेटी की शादी में सरकार की ओर से काफी सहायता मिली है. उन्हें 71 हजार रुपए मिले हैं जिससे उनकी बेटी की शादी बड़े ही धूमधाम से हो गई. हम सरकार का आभार जताते हैं. इस तरह की योजना चलाने से गरीब परिवारों को बहुत सहायता मिलती है.

ये भी पढ़ें-हरियाणा में मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना की राशि में बढ़ोतरी, अब मिलेंगे इतने रुपये, जानें आवेदन की प्रक्रिया