ETV Bharat / state

खेलगांव शूटिंग रेंज पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेनः खिलाड़ियों से की बातचीत, सुविधाओं का लिया जायजा

रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का सीएम ने जायजा लिया है.

CM Hemant Soren inspected Khelgaon Shooting Range in Ranchi
टिकैत उमराव शूटिंग रेंज का सीएम ने जायजा लिया (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 6, 2026 at 3:36 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की मौजूदा सुविधाओं का जायजा लिया. खिलाड़ियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और रेंज में उपलब्ध उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान सीएम ने शूटिंग रेंज की जर्जर आधारभूत संरचना, उपकरणों की स्थिति, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर सभी आवश्यक सुविधाओं का आधुनिकीकरण सुनिश्चित किया जाए.

CM Hemant Soren inspected Khelgaon Shooting Range in Ranchi
सुविधाओं का जायजा लेते सीएम (ETV Bharat)

मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध प्रशिक्षण व्यवस्था, आधुनिक उपकरणों, सुरक्षा मानकों और खिलाड़ियों के अभ्यास की सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकें. मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है.

CM Hemant Soren inspected Khelgaon Shooting Range in Ranchi
शूटिंग रेंज का सीएम ने जायजा लिया (ETV Bharat)

मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में उपलब्ध उपकरणों के रखरखाव में सुधार, फायर सेफ्टी व्यवस्था को मजबूत करने, समय-समय पर मॉक ड्रिल कराने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं विकसित होने के बाद यह शूटिंग रेंज खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएगी.

CM Hemant Soren inspected Khelgaon Shooting Range in Ranchi
खिलाड़ियों से बात करते सीएम (ETV Bharat)

मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में आयोजित रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप के दौरान शूटिंग रेंज की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठे थे. इस प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी शूटिंग रेंज पहुंचे थे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेंज की स्थिति पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने अधिकारियों को खेल सुविधाओं में सुधार करने और खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे.

इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कई खिलाड़ियों ने भी शिकायत की थी कि शूटिंग रेंज के कई उपकरण लंबे समय से खराब पड़े हैं. कुछ इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और अन्य तकनीकी संसाधनों के ठीक से काम नहीं करने के कारण अभ्यास और प्रतियोगिता के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. खिलाड़ियों का कहना था कि राज्य में शूटिंग प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है लेकिन आधुनिक सुविधाओं के अभाव में उन्हें अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करने में परेशानी होती है. इन्हीं शिकायतों और खिलाड़ियों की मांगों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अचानक शूटिंग रेंज पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

CM Hemant Soren inspected Khelgaon Shooting Range in Ranchi
शूटिंग रेंज में सीएम (ETV Bharat)

मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण के बाद खिलाड़ियों को उम्मीद है कि शूटिंग रेंज में व्याप्त कमियों को जल्द दूर किया जाएगा और लंबे समय से लंबित आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे. इससे राज्य के उभरते निशानेबाजों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिलने के साथ-साथ झारखंड में शूटिंग खेल को भी नई मजबूती मिलेगी. मौके पर उनके साथ खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव और अन्य विभागीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

बता दें कि खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज झारखंड की प्रमुख शूटिंग प्रशिक्षण और प्रतियोगिता स्थलों में शामिल है. यहां राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं. खिलाड़ियों का लंबे समय से कहना रहा है कि यदि यहां आधुनिक उपकरण, बेहतर रखरखाव और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो झारखंड के निशानेबाज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.

इसे भी पढे़ं- शूटिंग रेंज में वित्त मंत्री ने लगाया निशाना, रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप का हुआ आगाज

इसे भी पढे़ं- रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप: प्रतियोगिता में अभिषेक ने स्वर्ण और रजत जीतकर किया डबल धमाका

इसे भी पढे़ं- हजारीबाग में चार दिवसीय मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन, 250 खिलाड़ी दिखा रहे जौहर