ETV Bharat / state

विधानसभा में माननीयों ने खेली होली, सीएम हेमंत सोरेन ने विधायकों के साथ सादगी से मनाया होली मिलन समारोह

झारखंड विधानसभा में फूलों की होली खेली गई. इसमें सभी विधायक और मंत्री शामिल हुए.

CM Hemant Soren celebrated Holi
सीएम के साथ फूलों की होली खेलते विधायक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 27, 2026 at 7:07 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: राजधानी रांची में होली को लेकर अभी से लोगों में जोश और उमंग बढ़ने लगा है. आम से लेकर खास तक इस पर्व को बड़े उत्साह से मनाने में आगे रहते हैं. इसका कुछ नजारा आज शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के चल रहे बजट सत्र में भी दिखा. विधानसभा परिसर में शाम का माहौल होली को लेकर खास था.

होली मिलन में फूलों की होली खेली गई

विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सरकार के मंत्री तथा विधायकों ने होली मिलन समारोह में फूलों की होली खेली और एक-दूसरे को रंगों के त्योहार की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा, "आपकी जिंदगी में खुशियों का रंग हमेशा बरकरार रहे." उन्होंने कहा कि होली पारस्परिक प्रेम, आपसी भाईचारा और सौहार्द-सद्भाव का पर्व है. इस त्योहार को हम सभी उमंग और उत्साह के साथ मनाएं.

विधानसभा में माननीयों ने खेली होली (ETV Bharat)

इस बार सादगीपूर्ण रहा होली मिलन

विधानसभा परिसर में इस बार होली मिलन समारोह में रंग-गुलाल के बजाय माननीयों ने फूलों की होली खेली. दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन तथा अन्य कारणों से इस बार होली मिलन सादगीपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया था. इस वजह से न तो रंग-गुलाल का हुड़दंग दिखा और न ही जोगिरा गाया गया.

विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "यह एक ऐसा त्योहार है जिसमें दुश्मन भी गले मिल जाते हैं. यह प्रेम और उल्लास का पर्व है, इसलिए सभी खुशी के साथ इसे मनाएं."

CM Hemant Soren celebrated Holi
होली खेलतीं कल्पना सोरेन और नीरा यादव (ETV Bharat)

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हर्षोल्लास का है, जिसमें पक्ष हो या विपक्ष, सभी अपने होते हैं. उन्होंने सदन में विपक्ष की भूमिका पर कटाक्ष करते हुए कहा, "लगता नहीं है कि विपक्ष है." आगे उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "यह जीवन सतरंगी है और इसमें हरा भी है, पीला भी है. इससे विपक्ष के नेताओं को निकलना चाहिए. बुरा न मानो, होली है. आप मेरे साथ आइए, देखिए कैसा जीवन रंगीन हो जाएगा."

CM Hemant Soren celebrated Holi
सीएम के साथ फूलों की होली खेलते विधायक (ETV Bharat)

मौजूद रहे कई प्रमुख नेता

होली मिलन समारोह में विधायक कल्पना सोरेन, नीरा यादव के अलावा सत्तापक्ष और विपक्ष के कई विधायक मौजूद थे. इस समारोह ने सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह होली के उत्साह को दर्शाया, लेकिन सादगी और सम्मान के साथ.

CM Hemant Soren celebrated Holi
फूलों की होली खेलती महिला विधायक (ETV Bharat)

ये भी पढ़ें:

होली पर पुलिसवालों को नहीं मिलेगी छुट्टी, झारखंड पुलिस मुख्यालय ने जारी किया निर्देश

होली पर यात्रियों को बड़ी राहत: रांची रेल मंडल चला रहा 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें