ETV Bharat / state

भीषण गर्मी पर सीएम गंभीर: सरकारी दफ्तर और सार्वजनिक स्थल पर पेयजल व्यवस्था के निर्देश

झारखंड में गर्मी और हीटवेव को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अमले को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है.

CM directed administrative machinery to remain on alert In view of heat conditions in Jharkhand
सीएम द्वारा ऑनलाइन मीटिंग (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 23, 2026 at 4:28 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को लेकर सरकार भी चिंतित नजर आ रही है. इसको लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशासनिक अमले को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है.

मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, सीओ, बीडीओ, पंचायत प्रतिनिधियों और सरकारी कार्यालयों को निर्देश दिया है कि कार्यालयों के बाहर और सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही वहां स्पष्ट सूचना बोर्ड भी लगाए जाएं, ताकि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके.

चापाकलों की मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह भी कहा है कि जिन इलाकों में जल संकट की स्थिति बन रही है, वहां तत्काल टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जाए. खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने और वैकल्पिक जल व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने साफ कहा है कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी से लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए.

CM directed administrative machinery to remain on alert In view of heat conditions in Jharkhand
सीएम के सोशल मीडिया पेज के पोस्ट का स्क्रीन शॉट (ETV Bharat)

राहत पहुंचाना पहली प्राथमिकता- सीएम

ग्रामीण इलाकों में हालात और चुनौतीपूर्ण होते जा रहे हैं. कई जगह जलस्तर नीचे जाने से चापाकल जवाब देने लगे हैं. महिलाएं और बच्चे सुबह से ही पानी भरने के लिए लाइन में लग रहे हैं. कुछ इलाकों में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. भीषण गर्मी के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशासन को संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा है कि आम लोगों को राहत पहुंचाना इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए.

ये लोग सबसे ज्यादा झेल रहे हैं गर्मी की मार

गर्मी का सबसे ज्यादा असर रोज कमाने-खाने वाले लोगों पर दिखाई दे रहा है. दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक, सड़क किनारे काम करने वाले श्रमिक और ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी तेज धूप में काम करने को मजबूर हैं. दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो रही है. अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, चक्कर, उल्टी और हीट स्ट्रोक की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है.

झारखंड में प्रचंड गर्मी से लोगों का हाल बेहाल

झारखंड इस समय भीषण गर्मी की मार झेल रहा है. पलामू, गढ़वा, चतरा और कोल्हान क्षेत्र के कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है. डालटनगंज जैसे इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार चुका है. राजधानी रांची में भी दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है.

इसे भी पढ़ें- बढ़ते तापमान को देखते हुए अस्पताल में बनाया गया हीट केयर सेंटर, रोज आ रहे 25 से 30 मरीज

इसे भी पढ़ें- झारखंड में प्रचंड गर्मी से हाल बेहाल, पांच जिलों का पारा 40 डिग्री के पार, डाल्टनगंज सबसे गर्म

इसे भी पढ़ें- झारखंड में गर्मी का प्रचंड असर, डाल्टनगंज का पारा 45 डिग्री के पार, इन इलाकों में राहत के आसार