गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे की तैयारी तेज, सीएम धामी ने संभाला मोर्चा, ग्राउंड जीरो पर पहुंचे
सीएम धामी आज हरिद्वार पहुंचे.यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 3, 2026 at 1:11 PM IST
हरिद्वार: सात मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का हरिद्वार दौरा प्रस्तावित है. जिसे लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. व्यवस्थाओं का जायजा लेने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे. उन्होंने बैरागी कैंप स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ मंच, सभा स्थल, पार्किंग और वीआईपी आगमन मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए.
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को साफ सफाई, पेयजल, बिजली और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी शामिल रहे.
LIVE: आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे के संबंध में तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण https://t.co/ooMKW9xMOu
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 3, 2026
उत्तराखंड में जल्द ही चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है. यात्रा समाप्त होते ही हरिद्वार में भव्य और दिव्य कुंभ मेले का आयोजन प्रस्तावित है. यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा राज्य सरकार ने दोनों आयोजनों की तैयारियां काफी पहले ही शुरू कर दी थीं. अब व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं. उन्होंने भरोसा जताया इस वर्ष श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा का बेहतर और सुगम अनुभव मिलेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कुंभ मेले को भी भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. विभिन्न विभागों के साथ लगातार बैठकें हो रही हैं. व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग स्वयं उनके द्वारा की जा रही है.
पढे़ं- सात मार्च को उत्तराखंड आएंगे गृह मंत्री अमित शाह, हरिद्वार में अर्धकुंभ की तैयारियों का लेंगे जायजा

