बजट संवाद के लिए पौड़ी पहुंचे सीएम धामी, कांग्रेस ने किया विरोध, गो बैक के लगाये नारे
संवाद के जरिये आगामी बजट के लिए सुझाव और समस्याएं सुनी जा रही हैं. इन्हें नीतिगत निर्णयों में शामिल किया जाएगा.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 20, 2026 at 12:59 PM IST
पौड़ी गढ़वाल: प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय पौड़ी दौरे पर रहे. इस दौरान सीएम धामी पौड़ी के रांसी मैदान पहुंचे. जहां सीएम धामी का भारतीय जनता पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किय. वहीं, कांग्रेस ने सीएम धामी के पौड़ी दौरे का विरोध किया. पुलिस ने प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया.
सीएम धामी बजट से पहले हितधारकों से संवाद करने के लिए पौड़ी पहुंचे. जहां सीएम धामी ने सभी हितधारकों की समस्याएं और सुझाव सुने. कार्यक्रम में व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की सहभागिता रही. संवाद के माध्यम से आगामी बजट के लिए सुझाव और समस्याएं सुनी गई. इन्हें नीतिगत निर्णयों में शामिल किया जाएगा.
क्या बोले सीएम धामी:मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार का उद्देश्य जनहितकारी बजट तैयार करना है. उन्होंने कहा प्रदेश की जमीनी आवश्यकताओं, क्षेत्रीय विशेषताओं और जनअपेक्षाओं के अनुरूप बजट तैयार किया जाएगा. उन्होंने संवाद में शामिल होकर महत्वपूर्ण सुझाव देने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा समाज के प्रत्येक वर्ग—पर्यटन व्यवसायियों, व्यापारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों और उद्यमियों—की अपेक्षाएं बजट में समुचित रूप से परिलक्षित हों, यह सरकार की प्राथमिकता है.
कांग्रेस ने लगाये सीएम गो बैक के नारे: सीएम धामी के दौरे का विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गो बैक के नारे लगाये. विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा प्रदेश सरकार जन मुद्दों की अनदेखी कर रही है. जिसके चलते वे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा जिले की सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी समस्याओं पर सरकार ने कोई स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. सरकार प्रभावी निर्णय लेने में असफल साबित हो रही है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में आपराधिक घटनाओं, विशेषकर हत्या के मामलों में वृद्धि चिंता का विषय है, लेकिन सरकार इस पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है.
रांसी में व्यवस्थाएं पूरी: सीएम धामी के दौरे के देखते हुए रांसी मैदान मेंलोगों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, मंच व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग सहित सभी आवश्यक इंतजाम किये गये थे. संबंधित विभाग कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अलर्ट दिखे.
वहीं, अगर सुरक्षा व्यवस्था की बात करें तो यह भी चाक चौबंद नजर आई. कार्यक्रम स्थल व आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा. सीएम धामी के पहुंचने से पहले चेकिंग अभियान चलाया जाएगा. यातायात व्यवस्था को सुचारू किया गया. सीएम धामी के दौरे को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया. वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है.
पढ़ें- टनकपुर में शुरू हुआ चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव, सीएम धामी ने किया शुभारंभ
पढ़ें- अचानक देर रात दून अस्पताल पहुंचे सीएम धामी, डॉक्टरों और स्टाफ में मचा हड़कंप
पढ़ें- फिर उठी थराली को जिला बनाने की मांग, एसडीएम के जरिए सीएम धामी को भेजा ज्ञापन

