ETV Bharat / state

मोदी युग में सड़क, रेल, हवाई सेवाओं का हुआ विस्तार मोदी कार्यकाल के 12 साल पूरे पर बोले सीएम धामी

सीएम धामी ने पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर उनके काम और योजनाएं गिनाईं.

12 YEARS OF MODI TENURE
मोदी युग में सड़क, रेल, हवाई सेवाओं का हुआ विस्तार- सीएम धामी (FILE PHOTO- UTTARAKHAND INFORMATION DEPARTEMT)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 9, 2026 at 5:25 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आज उनके कार्यकाल को 12 साल पूरे हो गए हैं. पीएम मोदी ने इन 12 सालों के दौरान उत्तराखंड में सड़क, रेल से लेकर हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है. दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2016 में चारधाम सड़क परियोजना का शिलान्यास किया था. इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के चारों धामों को ऑल वेदर रोड से जोड़ना है. करीब 12 हजार करोड़ रुपए लागत की इस परियोजना का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जिस कारण चारधामों समेत पहाड़ के बड़े हिस्से में आवाजाही सुगम हुई है.

प्रधानमंत्री ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में एक और सौगात उत्तराखंड को दी है. 11 हजार 963 करोड़ रुपए की लागत से बने 210 किमी लंबे इस हाईवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर ढाई घंटे के अकल्पनीय समय में पूरा करना संभव हो पाया है. केंद्र सरकार के सहयोग से वर्तमान में सितारगंज- टनकपुर, पौंटा साहिब- देहरादून, भानियावाला- ऋषिकेश, काठगोदाम- लालकुआं- हल्द्वानी बाईपास और रुद्रपुर बाईपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है.

मोदी युग में सड़क, रेल, हवाई सेवाओं का हुआ विस्तार- सीएम धामी (VIDEO-ETV Bharat)

इन 12 सालों के भीतर राज्य के दूर दराज के क्षेत्रों के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू हुई हैं. केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य के तीन बड़े एयरपोर्ट जौलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ का विस्तार किया जा चुका है. साथ ही आम आदमी के सपनों का पंख देने के लिए शुरु केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत भी प्रदेश में 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 पर सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं. डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में ही देहरादून एयरपोर्ट से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बैंगलोर, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, पुणे, कुल्लू जैसे शहरों के लिए नियमित हवाई सेवा प्रारंभ हो चुकी है. इस बीच राज्य सरकार ने प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक हवाई सेवा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री उड़न खटोला योजना संचालित कर रही है. जिसके तहत राज्य के पर्वतीय जिलों के लिए देहरादून और हल्द्वानी से हेली सेवा का संचालन किया जा रहा है.

केंद्र में मोदी सरकार बनने बाद राज्य में रेल नेटवर्क में भी तेजी से विस्तार हुआ है. केंद्र सरकार के विशेष प्रयास से 125 किमी लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का 72 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सक्रिय प्रयासों से केंद्र सरकार ने टनकपुर- बागेश्वर और डोईवाला से गंगोत्री- यमुनोत्री तक रेललाइन के सर्वे पर भी सहमति प्रदान कर दी है. साथ ही प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है.

सीएम धामी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल उत्तराखंड के विकास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा. पिछले 12 सालों में उत्तराखंड में हर तरह की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है. अब प्रदेश के किसी भी हिस्से से कुछ घंटों में बड़े शहरों तक पहुंच संभव है. राज्य सरकार भी प्रदेश में हर तरह के यातायात साधन विकसित करने का प्रयास कर रही है.

ये भी पढ़ें:

उत्तराखंड में निकलेंगी बंपर सरकारी भर्तियां! सीएम धामी ने विभागों को दिये निर्देश, जानिये क्या