ETV Bharat / state

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मिले सीएम धामी, NMCG के अंतर्गत परियोजनाओं के लिए मांगे ₹408.82 करोड़

सीएम धामी ने अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाले अर्ध कुंभ की तैयारियों तथा नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर चर्चा की

CM DHAMI MET WATER POWER MINISTER
सीएम धामी और सीआर पाटिल की मुलाकात (Photo@CM Dhami Social Media)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 23, 2026 at 5:10 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से शिष्टाचार भेंट की. सीएम ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्ध कुंभ की तैयारियों तथा नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर उनसे विस्तृत चर्चा की.

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मिले सीएम धामी: मुख्यमंत्री ने हरिद्वार अर्ध कुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत ₹408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है. इसके दृष्टिगत गंगा की निर्मलता, स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है.

राज्य की जल परियोजनाओं के लिए ₹408.82 करोड़ मांगे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों हेतु ₹253 करोड़ के प्रस्तावों की स्वीकृति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त राशि जारी करने करने के साथ ही इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी अनुरोध किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे असिंचित भूमि की सिंचाई के लिए 665 क्यूसेक पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को लाभ मिलेगा. परियोजना से लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है. साथ ही क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान भी होगा.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार अर्ध कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा. गंगा संरक्षण के लक्ष्य को भी और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा.

2027 में है हरिद्वार अर्ध कुंभ: गौरतलब है कि 2027 की शुरुआत में उत्तराखंड के हरिद्वार में अर्ध कुंभ का आयोजन होना है. जनवरी से अप्रैल तक होने वाले इस आयोजन में चार अमृत स्नान होंगे. पहली बार हरिद्वार में अर्ध कुंभ का पूर्ण कुंभ की तर्ज पर आयोजन होगा. साधु संतों ने अर्ध कुंभ मेले को पूर्ण कुंभ मेले की तर्ज पर आयोजन की सहमति दे दी है.
ये भी पढ़ें: अर्ध कुंभ 2027: ₹460 करोड़ से होगा हरिद्वार रेलवे स्टेशन का कायाकल्प, डीआरएम ने किया निरीक्षण